इंग्लिश विंग्लिश (2012) से बॉलीवुड में जबर्दस्त कमबैक करने वालीं श्रीदेवी की अगली फिल्म का इंतजार दर्शकों को है। निर्देशक रवि उद्यवार की फिल्म मॉम में श्रीदेवी अगले साल नजर आएंगी। खास बात यह है कि मां-बेटी के रिश्तों पर आधारित इस फिल्म में श्रीदेवी की बेटी की भूमिका एक पाकिस्तानी अभिनेत्री साजल अली निभा रही हैं। साजल हाल में फिल्म की शूटिंग खत्म करके पाकिस्तान लौटी हैं, जहां उनकी पहली फिल्म जिंदगी कितनी हसीन है रिलीज होने को तैयार है। मॉम उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म होगी।
साजल पाकिस्तानी टीवी का जाना-पहचाना चेहरा हैं। पाकिस्तानी मीडिया से बातचीत में अली ने बताया है कि मॉम किसी एक या दो चुनिंदा कलाकारों की फिल्म होने के बजाय किरदारों की कहानी है। कहानी में सबका अपना महत्व है। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दिकी, अक्षय खन्ना और अदनान सिद्दिकी के मजबूत किरदार हैं।
क्या श्रीदेवी जैसी सीनियर ऐक्टर के साथ काम करने का कोई दबाव अली पर था। इस पर उनका कहना है कि हां, दबाव था। वास्तव में अली का पहला सीन ही श्रीदेवी के साथ था और सेट पर जाने से पहले वह डरी हुई थीं। शॉट खत्म होने के साजल ने श्रीदेवी से पूछा कि कैसा रहा तो सीनियर अभिनेत्री ने थंब्स-अप करके उनका हौसला बढ़ाया। फिल्म का कुछ काम अभी बाकी है, जिसे पूरा करने के लिए अली इस महीने भारत आएंगी।