19 फिंगरप्रिंट में से एक भी नहीं खाया मेल
गिरफ्तार आरोपी के फिंगरप्रिंट सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर से मिले फिंगरप्रिंट से मेल नहीं खा रहे हैं। पुलिस आगे की जांच के लिए अतिरिक्त नमूने भेज रही है। सैफ अली खान पर हमला मामले में शख्स की गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस ने कहा कि वे सीसीटीवी फुटेज में देखे गए बांग्लादेशी व्यक्ति की पहचान करने के लिए फेशियल रिकग्निशन का इस्तेमाल करेंगे। अब हाल की रिपोर्ट में पता चला है कि कथित आरोपी के फिंगरप्रिंट उससे मेल ही नहीं खाते, जो सैफ के घर से मिले हैं। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, मामले में चल रही जांच में पता चला है कि घटनास्थल से बरामद 19 फिंगरप्रिंट शरीफुल के प्रिंट से मेल नहीं खा रहे हैं।
ये खबर भी पढ़ें:
Padma Awards 2025: तीन बार विधायक, 100 से ज्यादा फिल्मों में काम, अब बालकृष्ण को मिलेगा पद्म भूषण पुरस्कार
सवालों के घेरे में पुलिस जांच
सूत्रों के मुताबिक मुंबई पुलिस ने फिंगरप्रिंट्स को जांच के लिए राज्य आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को भेजा। सीआईडी की रिपोर्ट हैरान करने वाली है। दरअसल, सीआईडी ने गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक शरीफुल इस्लाम शहजाद के फिंगरप्रिंट नमूनों पर नेगेटिव रिपोर्ट पेश की है। कहा जा रहा है कि पुलिस ने अब आगे की जांच के लिए अतिरिक्त नमूने भेजे हैं। ऐसे वक्त में जब आरोपी शहजाद के पिता ने दावा किया है कि पुलिस ने गलत शख्स को मामले में गिरफ्तार किया है। तब सीईआडी की इस रिपोर्ट के बाद पुलिस की जांच सवालों के घेरे में है।
16 जनवरी को हुआ सैफ पर हमला
मालूम हो कि सैफ अली खान पर 16 जनवरी की सुबह बांद्रा में सतगुरु शरण बिल्डिंग की 12वीं मंजिल पर स्थित उनके अपार्टमेंट में चाकू से हमला किया गया। अभिनेता को कई जगह चाकू घोंपा गया। उनकी गर्दन, हाथ और रीढ़ की हड्डी के पास गंभीर चोट आईं। लीलावती अस्पताल में उनका उपचार चला। कई घंटे की सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने एक नुकीली चीज भी उनकी रीढ़ की हड्डी से निकाली। 21 जनवरी को सैफ को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। फिलहाल उनकी हालत में सुधार है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो 29 जनवरी तक पुलिस की कस्टडी में है।