एक्टर सैफ अली खान पिछले दिनों बेटी सारा अली खान के साथ कॉफी विद करण में शामिल हुए थे। सारा जल्द ही बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली हैं। शो में सैफ अली खान ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई राज खोले। वर्क फ्रंट की बात करें तो उनकी हालिया रिलीज फिल्म बाजार थी। बॉक्स ऑफिस पर बाजार ने ठीक-ठाक बिजनेस किया। अब इसके बाद सैफ अपने नए प्रोजेक्ट में जुट गए हैं।
डीएनए के मुताबिक सैफ अली खान अंधाधुन के डायरेक्टर श्रीराम राघवन के संपर्क में हैं और अगली फिल्म का प्लान कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, अंधाधुन के सुपरहिट होने के बाद अब श्रीराम राघवन दो फिल्मों की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। एक फिल्म परमवीर चक्र विजेता अरुण खेतरपाल की बायोपिक है जबकि दूसरी फिल्म थ्रिलर है।
अंधाधुन ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है। राघवन थ्रिलर फिल्मों में माहिर हैं। ऐसे में सैफ निश्चित रूप से चाहेंगे कि इन दोनों में से कोई फिल्म उनके साथ शुरू की जाए। राघवन ने इससे पहले एजेंट विनोद में सैफ अली खान के साथ काम किया है, हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई थी।
सैफ अली खान के दूसरे प्रोजेक्ट की बात करें तो इसके अलावा वो डायरेक्टर नितिन कक्कड़ की फिल्म जवानी जानेमन कर रहे हैं। इस फिल्म से पूजा बेदी की बेटी आलिया डेब्यू करने वाली हैं। फिल्म की कहानी 40 साल के एक व्यक्ति और उसकी बेटी के रिश्तों पर आधारित है। वही सैफ नेटफ्लिक्स के साथ वेबसीरीज सेक्रेड गेम्स सीजन 2 में व्यस्त हैं। इसकी शूटिंग इन दिनों पुणे में चल रही है।