पुलिस के साथ शरीफुल इस्लाम (आरोपी)
- फोटो : PTI
खुद को छोड़ने के लिए मारा चाकू
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक ने बताया है कि उसने एक्टर की मजबूत पकड़ से खुद को छुड़ाने के लिए उनकी पीठ पर कई बार चाकू से वार किया। पुलिस ने बताया कि हमले के बाद, हमलावर एक्टर के बांद्रा स्थिति फ्लैट से भाग गया लेकिन वह बिल्डिंग के बगीचे में करीब दो घंटे तक छिपा रहा।
पुलिस ने घटना का पूरा ब्यौरा दिया
पुलिस अधिकारी आगे कहते हैं, ‘सैफ अली खान पर हमला करने वाला व्यक्ति चोरी के इरादे से बाथरूम की खिड़की से सतगुरु शरण बिल्डिंग (एक्टर सैफ अली खान का घर) के फ्लैट में घुसा। चोर को घर में घुसने के बाद के सैफ अली खान के हाउस हेल्प ने देख लिया। चोर, उन लोगों से बहस करने लगा। जल्द ही सैफ अली खान वहां पहुंच गए। खतरा महसूस करते हुए एक्टर ने आरोपी को सामने से कसकर पकड़ लिया। आरोपी को हिलने का मौका नहीं मिला, इसलिए उसने खुद को सैफ अली खान की पकड़ से छुड़ाने के लिए उनकी पीठ पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया। इस हमले से सैफ अली खान घायल हो गए और चोर उनकी पकड़ से छूटने में कामयाब हो गया।’
दो घंटे तक बगीचे में छिपा रहा हमलावर
पुलिस अधिकारी आगे बताते हैं, ‘ सैफ अली खान ने यह मानकर अपने फ्लैट का मेन गेट बंद कर दिया कि हमलावर अभी भी अंदर है। हालांकि हमला करने वाला व्यक्ति उसी रास्ते से भागने में कामयाब रहा, जिससे वह अंदर घुसा था। इसके बाद वह नीचे आया और बिल्डिंग के बगीचे में करीब दो घंटे तक छिपा रहा।’ पुलिस ने पहले कहा था कि सैफ अली खान के घर पर आरोपी के फिंगरप्रिंट पाए गए हैं, जिसमें बाथरूम की खिड़की भी शामिल है, जहां से वह अंदर और बाहर आया था। इस आरोपी के बारे में पुलिस का कहना है कि यह बांग्लादेश के झालोकाथी जिले का मूल निवासी है, पांच महीने से अधिक समय से मुंबई में रह रहा था, यहां वह छोटे-मोटे काम करता था और एक हाउसकीपिंग एजेंसी से जुड़ा हुआ था। रविवार को मुंबई की एक अदालत ने आरोपी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
ये है पूरा मामला
पुलिस ने रविवार को मुंबई के ठाणे से आरोपी शरीफुल इस्लाम शहजाद मोहम्मद रोहिल्ला अमीन फकीर (30 साल उम्र) उर्फ विजय दास को गिरफ्तार किया। इस व्यक्ति ने 16 जनवरी को बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर चाकू से हमला किया था। हमले में सैफ अली खान को कई चोटें आईं। लीलावती हॉस्पिटल में उनकी सर्जरी हुई। डॉक्टर्स ने सैफ अली खान की रीढ़ में फंसे नुकीले चाकू को भी निकाला। हमले के पांच दिन बाद यानी मंगलवार को सैफ को हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है।
संबंधित वीडियो