लीजिए, अब शाहिद कपूर के भी 'मिलन टॉकीज' छोडऩे की खबर आ रही है। तिग्मांशु धूलिया के निर्देशन में बनने जा रही इस फिल्म में काम करने के लिए शाहिद काफी उत्सुक थे, लेकिन इधर उन्होंने अचानक निर्णय ले लिया है कि वे अब इस फिल्म में काम नहीं करेंगे।
सवाल उठता है कि आखिर शाहिद ने इतना कठोर निर्णय कैसे ले लिया? अंदर से मिली जानकारी के अनुसार शाहिद कपूर बालाजी फिल्म्स के बर्ताव से दुखी थे। खुद एकता कपूर की तानाशाही से उन्हें दिक्कत महसूस हो रही थी।
इस मामले में पहले शाहिद ने तिग्मांशु धूलिया से भी बात की, लेकिन कोई हल नहीं निकला। शाहिद का कहना है कि फिल्म शुरू होने से पहले ही जब एकता कपूर बैनर से उनके विचार नहीं मिल रहे हैं, तो आगे काम करना संभव ही नहीं है।
हालांकि शाहिद को इस बात का रंज है कि उन्हें तिग्मांशु जैसे डायरेक्टर के साथ काम करने का मौका छोडऩा पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि शाहिद से पहले इमरान खान और प्रियंका चोपड़ा भी इस फिल्म में काम करने से इनकार कर चुके हैं।