चार राज्यों में टैक्स फ्री होने के बाद मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर पर बनी बायोपिक 'सचिन: अ बिलियन ड्रीम्स' दिल्ली में भी टैक्स फ्री कर दी गई है। इससे पहले महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, केरल और छत्तीसगढ़ में फिल्म पहले ही टैक्स फ्री की जा चुकी है।
'सचिन: अ बिलियन ड्रीम' में सचिन के बचपन से लेकर उनके भगवान बनने तक के सफर को दिखाया गया है। फिल्म में सचिन के अलावा उनके बेटे ने भी एक्टिंग की है वहीं कुछ असली फुटेज भी इस्तेमाल किए गए हैं। इसके अलावा पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी सचिन की तारीफ में फिल्म में दो शब्द बोले हैं।
26 मई को रिलीज हुई सचिन की फिल्म को दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं। 6 दिनों में फिल्म ने 35 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है जो एक डाक्यू-ड्रामा फिल्म के लिए शानदार आंकड़े हैं। 'सचिन: अ बिलियन ड्रीम्स' ने रिलीज के पहले दिन ही 8.40 करोड़ का बिजनेस किया था। ये पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली साल की छठीं फिल्म बन गई है।
फिल्म भारत में 2400 स्क्रीन्स और विदेशों में 400 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थी। सचिन पर बनी इस फिल्म को जेम्स इरिस्किन ने डायरेक्ट किया है।