निर्देशक एस एस राजामौली की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'आरआरआर' के हीरो जूनियर एनटीआर एक बार फिर दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गए हैं। 'आरआरआर' ने रिलीज के बाद से ही सिनेमाघरों में ताबड़तोड़ कमाई करनी शुरू कर दी थी। रिलीज के 24 दिन बाद भी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। राम चरण और जूनियर एनटीआर स्टारर यह फिल्म 1000 करोड़ क्लब में अपनी जगह बना चुकी है। इस फिल्म का हिंदी वर्जन को भी दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
जूनियर एनटीआर ने ली दीक्षा
'आरआरआर' की रिलीज के बाद अभिनेता राम चरण ने भी सबरीमाला मंदिर में दीक्षा ली। इसके बाद अब खबरें आ रही हैं कि फिल्म की सफलता को देखते हुए इसके दूसरे अभिनेता जूनियर एनटीआर ने भी हनुमान दीक्षा ले ली है। जूनियर एनटीआर ने करीब 21 दिनों तक नंगे पैर रहने की कसम खाई है। इन खबरों के बीच सोशल मीडिया पर एक्टर की एक फोटो भी काफी वायरल हो रही है। इस फोटो में उन्होंने भगवा रंग का कुर्ता-पैजामा पहने, गले में माला और माथे पर तिलक लगाए नजर आ रहे हैं।
21 दिन करेंगे नियम का पालन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जूनियर एनटीआर को एक मंदिर में पूजा-अर्चना करते और दीक्षा लेते देखा गया है। अभिनेता ने हनुमान जयंती पर पूजा भी की। इस दौरान भी वह भगवा कपड़े पहने नजर आए थे। उनके इस रूप को देखते हुए यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि वह पूर्ण रूप से ली गई दीक्षा का पालन कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक जूनियर एनटीआर करीब 21 दिनों तक नंगे पांव रहेंगे और सात्विक भोजन ही खाएंगे।
कई फिल्मों में किया काम
जूनियर एनटीआर साउथ इंडस्ट्री के बड़े कलाकारों में से एक हैं। वह अपने फिल्मी करियर में कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुके हैं। उन्हें आखिरी बार फिल्म 'आरआरआर' में देखा गया था। इसके अलावा वह निर्देशक कोरतल्ला शिवा की एक फिल्म में नजर आने वाले है और इसी फिल्म के लिए 'जूनियर एनटीआर' अपना वजन भी कम कर रहे हैं।