'राजा शिवाजी' की फीस को लेकर रितेश का खुलासा
पीटीआई को दिए इंटरव्यू में रितेश देशमुख ने अपनी फिल्म 'राजा शिवाजी' को लेकर कई खुलासे किए। इस दौरान रितेश ने बताया कि उनके साथ सलमान खान और अभिषेक बच्चन का प्यार और भरोसा ही है कि उन्होंने फिल्म 'राजा शिवाजी' के लिए तुरंत हां कर दी थी। रितेश ने आगे बताया कि इस फिल्म के लिए सलमान खान, विद्या बालन, अभिषेक बच्चन, फरदीन खान, बोमन ईरानी, जेनेलिया और खुद रितेश ने एक रुपया फीस के तौर पर नहीं लिया है।
'राजा शिवाजी' को बनाना को लेकर रितेश ने बताई अहम बातें
रितेश देशमुख ने 'राजा शिवाजी' को अपनी ड्रीम फिल्म बताया। रितेश ने कहा कि वह 'राजा शिवाजी' को तकरीबन 10 साल से बनाने के लिए विचार कर रहे थे। लेकिन कई बार कुछ न कुछ हो जाता था, कभी कोविड आया तो कभी उन्होंने खुद हार मान ली थी। रितेश ने कहा, 'मैंने लगभग हार मान ली थी, लेकिन यह फिल्म बार-बार मेरे दिमाग में यह फिल्म घूमती रही।'
'राजा शिवाजी' की आलोचना पर रितेश का जवाब
अभिनेता रितेश देशमुख ने कहा कि जब आप कोई फिल्म बनाते हैं तो आप हर किसी की उम्मीद पर सही नहीं उतर सकते हैं क्योंकि सभी के अपने विचार होते हैं। रितेश ने आगे कहा कि कोई आपके काम को पसंद करता है तो कोई आलोचना करता है। रितेश ने 'राजा शिवाजी' के खिलाफ हो रही आलोचना को स्वीकार किया और साथ ही इसे 'सीखने का एक अवसर' बताया।
'राजा शिवाजी' की स्टार कास्ट
'राजा शिवाजी' छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित है। यह एक भारतीय ऐतिहासिक एक्शन ड्रामा फिल्म है। रितेश देशमुख द्वारा निर्देशित और अभिनीत, यह मराठी सिनेमा की अब तक की सबसे महंगी फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में रितेश, जेनेलिया, सलमान खान, संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, जेनेलिया देशमुख और विद्या बालन जैसे कलाकार हैं।