ऐश्वर्या राय बच्चन-रणदीप हुड्डा स्टारर सरबजीत एक तो बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं कर सकी। उस पर फिल्म की एक और प्रमुख कलाकार ऋचा चड्ढा ने नाराजगी व्यक्त कर दी है। ऋचा की नाराजगी फिल्म में उनके रोल पर चलाई गई कैंची को लेकर है। ऋचा ने कहा है कि कोई भी कलाकार फिल्म में बहुत मेहनत करता है लेकिन दुख तब होता है, जब उसके बेहतरीन सीन एडिटिंग के नाम पर काट दिए जाते हैं।
ऋचा ने मीडिया में कहा है कि फिल्म से उनके कुछ बेस्ट सीन गायब हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म के कुछ अहम सीन ये बताते थे कि दलबीर कौर (ऐश्वर्या) और सुखप्रीत (ऋचा) के रिश्ते कैसे थे। इन्हें हटा दिया गया है।
एक अन्य सीन में दलबीर को उसका पति घर से निकाल देता है तब दिखता है कि दलबीर को चोटें लगी हैं। कैसे? आपको पता नहीं चलता। जबकि इससे पहले सीन था कि सुखप्रीत दलबीर को साहस देती है कि उसे अपने पति के अत्याचार नहीं सहने चाहिए। बाद के एक दृश्य में सुखप्रीत को लेकर स्वीपर और टॉयलट क्लीनर के सीन भी फिल्माए गए थे।
ऋचा का कहना है कि यह सीन सुखप्रीत की हालत को दिखाते थे कि कैसे वह आर्थिक और भावनात्मक समस्याओं से जूझ रही थी। यह सब करना बेकार ही गया। ऋचा ने कहा है कि रणदीप हुड्डा को छोड़ ऐश्वर्या समेत कई कलाकारों के काम पर कैंची चली है। ऋचा ने साफ कहा है कि भविष्य में वह ऐसे साइड रोल नहीं करेंगी जिनमें उनके किरदार को एडिटिंग टेबल पर काट-छांट किए जाने की गुंजाइश हो।