बॉलीवुड फिल्मों की सबसे पसंदीदा ऑनस्क्रीन मां रही रीमा लागू अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में अपनी आखिरी सासें लीं। उनकी मौत की खबर से पूरा बॉलीवुड गमगीन है। फिल्म 'हम आपके हैं कौन' में उनकी बेटी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस रेणुका शहाणे ने उनके लिए एक मैसेज लिखा है।
उन्होंने लिखा, 'रीमा ताई, मैं आपसे फिल्मों में मिलने से पहले आपके घर पर मिली थी। आप इतनी सुंदर थीं कि मेरी नजरें नहीं हटती थीं। 'सविता दामोदर परापंजे' और 'घर तिगवांचा हवा' में आपने शानदार अभिनय किया था। आप स्टेज पर एक दमदार अदाकारा थीं।' रीमा लागू के साथ अपने दिन याद करते हुए रेणुका ने लिखा कि वह उनकी बहुत बड़ फैन थीं।
उन्होंने आगे लिखा, ''हम आपके हैं कौन' में मैं आपकी बेटी बनी थी। मैं आपसे मजाक करती कि मैं आपकी बेटी बनने के लायक नहीं हूं। आप इतनी सुंदर हैं और मैं। हम टिफिन बॉक्स से लेकर मेकअप रुम सभी कुछ शेयर करते थे। जब कोई एक्टर ज्यादा फ्रेंडली होने लगता तो आप मेरी मदद करती।' रेणुका ने लिखा कि हिंदी फिल्मों ने उनके टैलेंट के साथ इंसाफ नहीं किया। उन्होंने इस मैसेज के साथ रीमा लागू की कुछ ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें भी शेयर कीं जो उन्होंने शूटिंग के दौरान खींचीं थीं।