फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अपने ही बयान से विवादों में घिर जाते थे ओम पुरी, फिर फूट-फूटकर रोते थे

Sat, 06 Jan 2018 05:02 PM IST
अतुल सिन्हा
विज्ञापन
1 of 8
om puri
आज के दौर में बेशक समानांतार सिनेमा पर बहस या चर्चा बेमानी हो, लेकिन इस दौर से निकला जो एक किरदार लंबे समय तक सिल्वर सक्रीन पर राज करता रहा वो बेहद सहज और ज़िंदादिल ओम पुरी ही था। उनके गुज़रने से कुछ महीने पहले इस संवेदनशील कलाकार को देश ने फूट फूट कर रोते देखा था।

सीमा पर मारे जाने वाले जवानों पर की गई अपनी ही एक टिप्पणी से ओम इतने आहत हुए थे कि इसके बाद वो बार बार सफाई देने को मजबूर हो गए। उनके बयानों को लेकर अक्सर विवाद हुए चाहे वो बयान देश की सियासत से जुड़े रहे हों, चाहे कांग्रेस के बारे में, चाहे मोदी के बारे में या फिर आमिर खान के बारे में।
 
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 8
om puri
देश ने ओम पुरी को ‘तमस’ से पहचाना। भीष्म साहनी के इस शानदार उपन्यास में सांप्रदायिक ताकतों और सामाजिक व्यवस्थाओं के साथ सियासी ताने बाने को जिस खूबसूरती से बुना गया, और जिस तरह दूरदर्शन पर यह धारावाहिक चर्चित हुआ, उसमें मुख्य किरदार ओम की अदाकारी का ही कमाल था।

फिर तो बिहार और पश्चिम बंगाल के भूमि संघर्ष और पुलिस उत्पीड़न के साथ साथ सियासत और अपराध के गठजोड़ पर जो फिल्में उस दौर में बनीं, उसके लिए लोगों को सबसे बेहतर किरदार ओम ही लगते थे। अपनी आवाज़ की बदौलत, अपनी संवाद अदायगी की वजह से, आंखों और चेहरे की अपनी सख्ती की वजह से।
 
विज्ञापन

3 of 8
om puri

लेकिन ओम पुरी निजी ज़िंदगी में कितने सहज थे, इसका अंदाज़ा उनसे मिलने के बाद पता चलता था। कुछ साल पहले जब समानांतर और व्यावसायिक हिन्दी सिनेमा पर एक सेमिनार में हिस्सा लेने वो इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आए तो उन्होंने वहां बैठे तमाम कथित बुद्धिजीवियों पर चुटकी ली।

कहने लगे ‘सिनेमा तो सिनेमा है, इसे कला सिनेमा, समानांतर सिनेमा या व्यावसायिक सिनेमा तो बुद्धिजीवी लोग बना देते हैं। हम कलाकारों के लिए किरदार और कहानी अहम है। हम अपना काम करते हैं लेकिन आप उसे खांचे में बांट देते हैं।’


 

4 of 8
om puri
ओम पुरी के लिए राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय अपने घर जैसा था। अक्सर वो वहां आते थे। इसलिए कि यहां से उनका गहरा नाता रहा और यहीं से उन्हें पहचान भी मिली। यहां के बड़े नाट्य समारोहों में ओम भले ही कुछ देर के लिए सही, आते ज़रूर थे।

इसी दौरान उनके साथ एक बार एनएसडी की घास पर बैठ कर बातें हुईं और लेकिन चंद ही पल में लोगों ने ऐसा घेरा कि वो कहने लगे, अरे भई, बड़े बड़े कलाकार हैं, मैं तो कुछ भी नहीं। बस नाटकों में अपनी गहरी दिलचस्पी शुरू से रही है, इसलिए यहां भागा चला आता हूं।
विज्ञापन

5 of 8
om puri
एक बार एक चैनल के लिए रंगमंच से जुड़ा एक कार्यक्रम बनाने के दौरान ओम पुरी से कई बार फोन पर बात हुई। खासियत ये कि अगर आप उन्हें फोन करें तो कॉल बैक वो ज़रूर करते। कभी खुद को बड़ा नहीं माना। कार्यक्रम के सिलसिले में जानकर उत्साहित हुए और कहने लगे, कहां आजकल टीवी वाले रंगमंच और थिएटर पर कार्यक्रम बनाते हैं, इसमें मसाला तो होता नहीं...

फिर एक ज़ोरदार ठहाका लगाया फिर कहने लगे... आपका चैनल तो बहुत पैसे वालों का है, कुछ हमें भी मिलेगा क्या, फिर ठहाका लगाया और कहा, यार मैं मज़ाक कर रहा था... दिल्ली आ रहा हूं तब आराम से बात करते हैं, मेरे पास बहुत कुछ है कहने को थिएटर के बारे में। बहरहाल वो मौका नहीं आया।
विज्ञापन

6 of 8
om puri
­­­­इसी दौरान मशहूर रंगकर्मी एम के रैना से भी लंबी बात हुई और नुक्कड़ नाटकों को एक आंदोलन बना देने वाले अरविंद गौड़ ने भी ओम पुरी के बारे में बहुत सारे अनुभव बताए। दरअसल रंगमंच से जुड़े इन तमाम कलाकारों के लिए ओम सच्चे दोस्त रहे और उनके एक बुलावे पर वक्त निकालकर चले आते और कलाकारों का उत्साह बढ़ाते।

उनकी निजी ज़िंदगी, जीवन शैली या शराब पीने की आदत पर बहुत से लोग अक्सर टिप्पणियां करते रहे हैं, लेकिन काम के वक्त ओम पुरी हमेशा एक कलाकार होते थे और खाली वक्त में दोस्तों के साथ देश की राजनीति से लेकर सामाजिक व्यवस्था के अलग अलग पहलुओं पर बेबाक और दिलचस्प चर्चाएं भी करते थे।
विज्ञापन

7 of 8
om puri
बल्कि उनके दिमाग की ये उलझनें ही कई बार उनके बयानों को कुछ ऐसी तल्खी दे देती थीं कि वो विवादों में घिर जाते थे और उन्हें फिर फूट फूट कर रोना भी पड़ता था। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पिछले अक्टूबर में उनके बयान और उसके बाद उनके खिलाफ हुई मोर्चेबंदी की उस घटना के बाद से ओम पुरी इतने आहत थे कि उन्होंने उसके बाद फिर किसी मुद्दे पर बोलना लगभग बंद ही कर दिया था। शायद सार्वजनिक जीवन में उनका ये जो अपमान था, उसे वो बर्दाश्त नहीं कर पाए।

एक और वाकया है ओम पुरी के साथ का। दिल्ली के सिरी फोर्ट में कुछ साल पहले फिल्म फेस्टिवल था और ओम वहां सिनेमा के तमाम पहलुओं पर बोलने के लिए बुलाए गए थे। तमाम सेशन हुए लेकिन ओम ने आते ही कहा कि सिनेमा क्या अवार्ड जीतने या फेस्टिवल में दिखाए जाने के लिए बनाया जाना चाहिए या फिर इसमें कोई मास अपील होनी चाहिए।
विज्ञापन

8 of 8
om puri
ओम पुरी कहना था कि जो लोग कला या समानांतर सिनेमा के दायरे से बाहर नहीं निकलेंगे वो सिनेमा के शिल्प और आम लोगों की मांग के साथ न्याय नहीं करेंगे। जाहिर सी बात है कि सिनेमा को लेकर ओम का नज़रिया बेहद सुलझा हुआ था और उन्होंने जो भी किरदार निभाया, उसमें जान फूंक दी।

बहरहाल इस महान कलाकार की 200 से ज्यादा फिल्में लोगों के बीच हमेशा रहेंगी और उनके तमाम किरदार भी उनकी याद दिलाते रहेंगे। वक्त गुज़रता रहता है, ओम पुरी के गुज़र जाने का ग़म भी थिएटर और सिनेमा को हमेशा रहेगा लेकिन अब भी लगता है कि वो हैं, यहीं कहीं हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें