मुंबई की चिलचिलाती गर्मी से दूर हिमाचल प्रदेश की वादियों में अपनी अगली फिल्म '83' की तैयारियों में जुटे सिनेमा के वीर रणवीर सिंह ने अपनी दरियादिली का एक और नमूना पेश किया है। रणवीर सिंह ने फैसला किया है कि अपने म्यूजिक लेबल 'इंक इंक' से जो भी गाना वह किसी रैपर का रिलीज करेंगे। रणवीर उसमें अपना नाम तब तक नहीं जोड़ेंगे जब तक कि वाकई में वह किसी गाने में गायक या संगीतकार के तौर पर नहीं जुड़ेंगे। 'इंक इंक' के पहले म्यूजिक वीडियो 'जहर' से इसीलिए रणवीर सिंह ने अपना नाम नहीं जोड़ा है।
हिंदी फिल्म व पॉप म्यूजिक इंडस्ट्री में ये चलन रहा है कि गाने का प्रोड्यूसर हर म्यूजिक वीडियो में प्रस्तुतकर्ता या निर्माता के तौर पर अपना नाम सबसे पहले जोड़ता है। रणवीर सिंह ने कलाकारों को क्रेडिट देने के मामले में एक कदम आगे जाकर इस चलन को तोड़ा है। गौरतलब है कि 'गली ब्वॉय' की कामयाबी के बाद रणवीर सिंह ने हाल ही में म्यूजिक इंवेंजलिस्ट नवजार इरानी के साथ अपना इंडीपेंडेंट रिकॉर्ड लेबल इंक लांच किया है। कंपनी के पहले गाने जहर में रणवीर सिंह भी दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वह इस गाने का किसी तरह का क्रेडिट नहीं ले रहे हैं और सीधे सीधे ये गाना बनाने वाले रैपर काम भारी को प्रमोट कर रहे हैं।
रणवीर के एक नजदीकी सूत्र ने बताया, ‘रणवीर सिंह ने अपनी टीम को साफ निर्देश दे रखे हैं कि उनकी इस तरह के म्यूजिक वीडियो में मौजूदगी सिर्फ उभरते कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिए हैं, और जब भी ऐसे किसी गाने का प्रचार किया जाए तो गाने का क्रेडिट सिर्फ और सिर्फ गाना बनाने वाले को ही दिया जाए।