रणवीर सिंह की फिल्म 'जयेशभाई जोरदार' का नया पोस्टर
- फोटो : social media
इस साल कई बड़ी फिल्में रिलीज होने के लिए तैयार हैं, जिनका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इन्हीं में से एक फिल्म है रणवीर सिंह स्टारर 'जयेशभाई जोरदार'। अभिनेता लगातार अपनी इस फिल्म को लेकर चर्चाओं में बने हुए हैं। रणवीर सिंह की इस आगामी फिल्म को लेकर उनके प्रशंसक काफी उत्सुक हैं। उनकी उत्सुकताओं को और बढ़ाने के लिए अब रणवीर ने फिल्म का नया पोस्टर रिलीज किया है। इस पोस्टर को देखकर लोगों की फिल्म में दिलचस्पी ज्यादा बढ़ गई है। बता दें कि फिल्म का पहला पोस्टर 2019 में अनावरण किया गया था।
रणवीर का फैंस से सवाल
रणवीर सिंह की फिल्म 'जयेशभाई जोरदार' काफी लंबे इंतजार के बाद 13 मई को रिलीज हो रही है। इससे पहले आज यानी 17 अप्रैल को, रणवीर ने फिल्म से अपना एक नया रूप सभी के साथ साझा किया। साझा किए गए पोस्टर में वह अपने हाथ में एक अजन्मे बच्चे को पकड़े हुए हैं। इस पोस्टर में रणवीर सिंह मल्टी कलर टीशर्ट पहने शॉकिंग एक्सप्रेशन देते नजर आ रहे हैं। पोस्टर पर लिखा है, "जयेशभाई को लड़का होगा या लड़की?" इसके साथ ही रणवीर ने अपनी पोस्ट को कैप्शन देते हुए लोगों से सवाल पूछा कि, 'आपको क्या लगता है?'
जोया अख्तर ने किया कमेंट
रणवीर के फैंस के साथ-साथ इंडस्ट्री से जुड़े सितारों को भी उनका यह अंदाज काफी पसंद आ रहा है। वह लोग लगातार उनके इस पोस्ट पर कमेंट कर रहे हैं, इसी फेहरिस्त में फिल्म निर्माता जोया अख्तर ने कमेंट कर लिखा, "ओएमजी!! तुम एक गिरगिट हो।"
फिल्म पर रणबीर ने कही ये बात
रणवीर सिंह 'जयेशभाई जोरदार' एक गुजराती लड़के की भूमिका निभा रहे हैं। अपने कैरेक्टर और फिल्म के बारे में बात करते हुए एक इंटरव्यू में रणवीर कहते हैं, "मुझे गुजरात की संस्कृति, इसका सबसे अच्छा होने का उत्साह और सबसे जरूरी इसके लोगों के बारे में सब कुछ पसंद है। इसलिए, मैं सच में जयेशभाई जोरदार में एक गुजराती लड़का बनने और दुनिया भर के गुजरातियों से फिर से उतना ही प्यार पाने के लिए प्रेरित हुआ। मुझे उम्मीद है कि वह फिल्म को पसंद करेंगे और इसमें मेरे अभिनय को भी पसंद करेंगे। मैंने इसे अपना सब कुछ दिया है और मुझे पता है कि हमारे पास उन्हें देने के लिए एक बहुत ही खास फिल्म है।"
इस दिन रिलीज होगी फिल्म
'जयेशभाई जोरदार' फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं। यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में 'अर्जुन रेड्डी' फेम शालिनी पांडे भी हैं। यह फिल्म उनका बॉलीवुड डेब्यू होगी। फिल्म का निर्देशन दिव्यांग ठक्कर ने किया है। यह 13 मई 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।