संजय लीला भंसाली की विवादित फिल्म 'पद्मावत' में अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभाकर फेमस हुए रणवीर सिंह अब तख्त में नजर आने वाले हैं। फिल्म में सभी ने रणवीर सिंह के किरदार को इतना सराहा कि भविष्य में अगर अलाउद्दीन खिलजी की बात होगी तो लोग रणवीर सिंह को ही याद करेंगे। अलाउद्दीन खिलजी जैसे नकारात्मक किरदार को निभाने के लिए रणवीर ने बहुत मेहनत की। अब एक बार फिर रणवीर नकारात्मक किरदार में ही नजर आएंगे।
इस बार रणवीर सिंह औरंगजेब के किरदार में नजर आएंगे। करण जौहर ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही फिल्म 'तख्त' के बारे में जानकारी दी। इस फिल्म में रणवीर सिंह, करीना कपूर, विकी कौशल, आलिया भट्ट, अनिल कपूर और जाह्नवी कपूर जैसे कई स्टार्स नजर आने वाले हैं।
इस फिल्म का स्क्रीनप्ले सुमित रॉय ने लिखा है, जबकि डायलॉग्स हुसैन हैदरी ने लिखे हैं। खबरों की मानें तो 'तख्त' की कहानी शाहजहां के बेटे औरंगजेब और दाराशिकोह के बीच सत्ता को लेकर है। इतिहास पर गौर फरमाएं तो शाहजहां दाराशिकोह को गद्दी पर बिठाना चाहते थे, लेकिन महत्वाकांक्षी और जालिम औरंगजेब ने साजिश के तहत शाहजहां के खिलाफ बगावत कर दी और खुद सत्ता पर काबिज हो गया।
धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही ये फिल्म अब तक की सबसे महंगी फिल्म मानी जा रही है। फिल्म की शूटिंग राजस्थान और गुजरात की अलग अलग लोकेशंस पर होगी। फिल्म साल 2020 में रिलीज की जाएगी। पद्मावत की तरह भी इस फिल्म की कहानी भी दिलचस्प होने वाली है।