13 दिसंबर 2019 को रानी मुखर्जी स्टारर फिल्म मर्दानी 2 रिलीज हो रही है। फिल्म के लिए रानी जोर शोर से प्रमोशन कर रही हैं। ऐसे में रानी ने दिल्ली में अमर उजाला के एक कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान रानी ने न सिर्फ फिल्म के बारे में खुलकर बात की बल्कि साथ ही साथ देश में सामने आ रहीं बलात्कार की घटनाओं पर भी अपने मन की बात कही।
कार्यक्रम में रानी ने बताया कि उनकी फिल्म मर्दानी 2, 2014 में आई मर्दानी से थोड़ी अलग है। मर्दानी 2 में किशोरियों के साथ हो रहे अपराध को दिखाया गया है। रानी ने कहा कि हर औरत का दुर्गा होना जरूरी है। अपने घर में हो रहे अपराधों को लेकर विरोध करना जरूरी है। छेड़छाड़ की घटनाओं को चुपचाप सहन नही करना चाहिए। उसके खिलाफ आवाज बुलंद करनी चाहिए। इस दौरान रानी उन महिलाओं से भी मिलीं जो अलग- अलग क्षेत्रों में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है। बता दें कि फिल्म मर्दानी 2 रानी एसपी शिवानी शिवाजी राव का किरदार निभा रही है।