रानी मुखर्जी की महत्वाकांक्षी फिल्म ‘मर्दानी’ का पोस्टर रिलीज हो गया है। निर्देशक प्रदीप सरकार की इस फिल्म का पोस्टर सामने आते ही इस पर तरह-तरह की बातें होने लगी हैं।
फिल्म में रानी मुखर्जी मुंबई क्राइम ब्रांच की पुलिस अफसर बनी हैं, लेकिन पोस्टर पर उनका रूप और अंदाज किसी तरह से पुलिसवाली का नहीं लग रहा है। कुछ लोगों का तो कहना है कि इस पोस्टर में वह पुलिस कम और डाकू ज्यादा दिख रही हैं।
सूत्रों के अनुसार फिल्म में रानी शिवानी शिवाजी रॉय नाम की ऐसी पुलिस अफसर बनी हैं जो न तो भ्रष्ट है और न ही किसी पर दया दिखाती हैं। वह ढूंढ ढूंढ कर अपराधियों को पकड़ कर उन्हें ठिकाने लगाती हैं।
शिवानी के अंदर कोई भावनाएं भी नहीं हैं। फिल्म कहानी में रफ्तार तब आती है जब एक किशोर उम्र लड़की का कुछ लोग अपहरण कर लेते हैं। बच्चों को उठा कर उनसे वेश्यावृत्ति कराने वाले इस गिरोह के पीछे शिवानी लग जाती है और हर हाल में उस किशोरी को बचाने के मिशन पर निकल पड़ती है।
इसके बाद शुरू होती है चूहा-बिल्ली की दौड़, जिसमें आगे-आगे अपराधियों के सरगना हैं और पीछे-पीछे रानी मुखर्जी। अपराधियों के पीछे पुलिस की दौड़ को लेकर सैकड़ों फिल्में बॉलीवुड में बन चुकी हैं, लेकिन इस फिल्म की खास बात यह है कि रानी मुखर्जी पहली बार पुलिस बनी हैं।
22 अगस्त को रिलीज होने जा रही इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर क्या होगा, यह वक्त आने पर पता चलेगा। फिलहाल तो सबकी नजरें इस बात पर है कि आदित्य चोपड़ा के साथ शादी के बाद रानी मुखर्जी का जीवन कैसा चल रहा है।