दिग्गज संगीतकार एआर रहमान ने पिछले दिनों इंडस्ट्री में सांप्रदायिकता के बढ़ते प्रभाव की बात कहकर इंडस्ट्री में एक नई बहस को जन्म दे दिया है। इसके बाद इंडस्ट्री दो हिस्सों में बंटी नजर आई। एक ओर जहां कई सेलेब्स ने रहमान को सपोर्ट किया, तो वहीं कई लोगों ने रहमान की इस को गलत बताते हुए इसका विरोध किया। अब अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने भी एआर रहमान के बयान पर प्रतिक्रिया दी है।
डीडी न्यूज से बातचीत में रानी मुखर्जी ने एआर रहमान के बॉलीवुड में सांप्रदायिक प्रभाव और काम पर पड़ने वाले असर के बारे में बात की। रानी ने कहा कि बॉलीवुड सबसे धर्मनिरपेक्ष जगह है और मैं इस पर पूरी तरह विश्वास करती हूं। यहां जाति या धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं है। इंडस्ट्री में अपने 30 वर्षों में मैंने कभी भी ऐसा कुछ अनुभव नहीं किया। मुझे यह इंडस्ट्री बहुत पसंद है। इसने मुझे वह बनाया है जो मैं आज हूं। मैं यह दिल से कह रही हूं, यहां योग्यता मायने रखती है। आपका काम ही आपकी पहचान है और अंततः दर्शक जिस व्यक्ति से जुड़ते हैं, वही टिकता है और सफल होता है। मेरे लिए बॉलीवुड सबसे धर्मनिरपेक्ष और सबसे अद्भुत जगहों में से एक है।
रहमान ने दिया था यह बयान
एआर रहमान ने बीबीसी एशियन नेटवर्क से बातचीत के दौरान कहा था, ‘आजकल जो लोग रचनात्मक नहीं हैं, उनके पास फैसले लेने की शक्ति है। यह शायद एक सांप्रदायिक मुद्दा भी रहा हो, लेकिन मेरे सामने नहीं। मुझे कानाफूसी की तरह पता चला कि उन्होंने आपको बुक किया था, लेकिन संगीत कंपनी ने आगे बढ़कर अपने पांच संगीतकारों को काम पर रख लिया। मैंने कहा, 'वाह, बढ़िया है, अब मुझे आराम करने का समय मिल गया है, मैं अपने परिवार के साथ सुकून से समय बिता सकता हूं।’ इसके अलावा रहमान ने ‘छावा’ को विभाजनकारी फिल्म भी बताया था।
यह खबर भी पढ़ेंः Mayasabha X Review: दर्शकों को कैसी लगी ‘तुम्बाड’ फेम निर्देशक की ‘मायासभा’? फिल्म देखकर दीं ऐसी प्रतिक्रियाएं
आज रिलीज हुई है रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’
रानी मुखर्जी की फिल्म ‘मर्दानी 3’ आज (30 जनवरी) ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म में रानी मुखर्जी के अलावा मल्लिका प्रसाद, प्रजेश कश्यप, जानकी बोड़ीवाला, मिखाइल यवलकर, दिग्विजय श्रीकांत रोहिदास, जिम्पा संगपो भूटिया और इंद्रनील भट्टाचार्य जैसे सितारे हैं। मल्लिका प्रसाद ने फिल्म में विलेन की भूमिका शानदार तरीके से निभाई है। 'मर्दानी' फ्रेंचाईजी की पहली फिल्म साल 2014 में रिलीज हुई थी। इसके बाद साल 2019 में 'मर्दानी 2' रिलीज हुई है। क्रिटिक्स से तीसरी किस्त को सकारात्मक रिएक्शन मिले हैं।