इलियाना डिक्रूज और जोया हुसैन
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म 'अनफेयर एंड लवली' में एक पुलिस वाले की भूमिका निभाने वाले रणदीप ने हरियाणा के करनाल में इसकी शूटिंग शुरू कर दी है। सूत्रों से पता चला है कि यह फिल्म एक अनोखे विषय पर बनने वाली कॉमिक-थ्रिलर है, जिसमें मुख्य भूमिका निभाने के लिए अब इलियाना डिक्रूज को चुना गया है। इलियाना जाहिर तौर पर फिल्म में एक बहुत ही दिलचस्प किरदार निभाएंगी, जो उनके द्वारा अब तक निभाए गए किरदारों से अलग होने वाला है। इलियाना ने अपने हिस्से की शूटिंग अभी शुरू नहीं की है। वह आने वाले कुछ दिनों में रणदीप के साथ फिल्म के सेट को साझा करेंगी। फिल्म में मशहूर कलाकार राजेंद्र गुप्ता और मेघना मलिक भी दमदार भूमिकाओं में नजर आएंगे।
जानकारी के मुताबिक जोया के फिल्म साइन किए जाने के बाद इसकी शूटिंग पिछले साल अक्टूबर में शुरू होने वाली थी। हालांकि, उनकी वजह से इसमें देरी हो रही थी और जब निर्माताओं ने कहा कि वह फरवरी में शूटिंग शुरू कर रहे हैं, तब जोया के पास फिल्म के लिए तारीखें नहीं थीं। तो जोया के पास फिल्म छोड़ने के अलावा और कोई विकल्प नहीं था। इसके बाद निर्माताओं ने इलियाना से संपर्क किया और वह तुरंत फिल्म करने के लिए तैयार हो गईं। इस फिल्म के साथ बलविंदर सिंह जुनेजा निर्देशन की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। वह इससे पहले मुबारकां, फिरंगी और सांड की आंख जैसी फिल्मों की पटकथा लिख चुके हैं।