फिल्म ‘बंटी और बबली 2’ के बाद यशराज फिल्म्स की तीन और फिल्में कतार में हैं। उनकी एक फिल्म ‘संदीप और पिंकी फरार’ तो खैर महीनों से रिलीज की राह कोरोना के पहले से तकती रही है। लेकिन, जिन दो बड़ी फिल्मों पर लोगों की असली नजर है, वे हैं ‘जयेशभाई जोरदार’ और ‘पृथ्वीराज’। ‘पृथ्वीराज’ की शूटिंग लंदन से लौटकर अक्षय कुमार ने यशराज फिल्म्स के मुंबई स्थित स्टूडियो में ही फिर से शुरू कर दी है।
यशराज फिल्म्स में सोमवार को हल्ला रहा रणबीर कपूर के आने का। रणबीर कपूर यशराज फिल्म्स की उत्तर भारत के एक डाकू की कहानी पर बन रही फिल्म ‘शमशेरा’ में लीड रोल कर रहे हैं। इस डाकू ने बताते हैं कि आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों से लोहा भी लिया था। फिल्म में संजय दत्त भी एक खास किरदार में दिखाई देंगे।
रणबीर कपूर के पास यशराज फिल्म्स की ‘शमशेरा’ के अलावा धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ भी है। इन दोनों फिल्मों के अगले साल ही रिलीज होने की संभावना है। यशराज फिल्म्स की स्थापना के 50 साल इसी साल पूरे हुए हैं और इसके मालिक आदित्य चोपड़ा ने इस जश्न को मनाने के लिए साल भर के कार्यक्रम तैयार किए हैं।