रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' इस साल की सबसे मच अवेटेड फिल्मों में से एक है। आगामी 24 जुलाई को फिल्म का ट्रेलर रिलीज होना है। इसे एक बड़े इवेंट्स के दौरान जारी किया जाएगा। यह इवेंट दिल्ली में होना है। इसमें फिल्म रणबीर कपूर समेत फिल्म की प्रमुख कास्ट और निर्देशक-निर्माता के मौजूद रहने की जानकारी है। लेकिन इवेंट से पहले अब एक परेशान करने वाली खबर सामने आ रही है। जिससे रणबीर कपूर के इस इवेंट में शामिल होने को लेकर संदेह पैदा होता है। दरअसल, इस बड़े इवेंट से कुछ दिन पहले ही रणबीर को कंजंक्टिवाइटिस (आंखों का इन्फेक्शन) हो गया है और एहतियात के तौर पर उनके काले चश्मे पहनने की उम्मीद है।
इन्फेक्शन के बावजूद इवेंट में शामिल रहेंगे रणबीर
एक्टर के एक करीबी सूत्र ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि यह इन्फेक्शन सबसे पहले रणबीर कपूर की बेटी राहा को हुआ था। अक्सर बच्चों की देखभाल के चलते माता-पिता को भी ये इन्फेक्शन हो जाता है। कुछ ऐसा ही रणबीर के साथ भी हुआ।
फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि रणबीर कपूर को कंजंक्टिवाइटिस हो गया है। सबसे पहले उनकी बेटी राहा को यह हुआ था और फिर रणबीर भी संक्रमित हो गए। इसके बावजूद, रणबीर इस इन्फेक्शन को अपने कमिटमेंट के आड़े नहीं आने दे रहे हैं।
वो तय कार्यक्रम के अनुसार दिल्ली में होने वाले इस स्टार-स्टडेड इवेंट में शामिल होंगे। सूत्र ने आगे कहा कि चूंकि 'रामायण' की टीम दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाले बड़े 'प्रथम संकल्प' कार्यक्रम के लिए पूरी तरह तैयार है। इसलिए रणबीर शायद सावधानी के तौर पर इस इवेंट के दौरान काले चश्मे पहने हुए दिखाई देंगे।
निर्देशक-निर्माता के साथ शामिल होगी फिल्म की प्रमुख कास्ट
यह इवेंट साल के सबसे बड़े फिल्म इवेंट्स में से एक है। इवेंट की जानकारी सामने आते ही 'रामायण: पार्ट 1' को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है। इस इवेंट में डायरेक्टर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के साथ फिल्म की कास्ट के कई सदस्य भी इसमें शामिल हो सकते हैं।
हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि रावण का रोल करने वाले यश और भगवान हनुमान का रोल करने वाले सनी देओल इस लॉन्च इवेंट में शामिल होंगे या नहीं।