हॉलीवुड की हॉरर फिल्म 'ऑब्सेशन' आजकल चर्चा में है। यह फिल्म इस साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक बनकर उभरी है। हाल ही में फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने इसकी तारीफ की है। निर्देशक ने बताया कि फिल्म के एक खास सीन ने उन्हें 'कौन?' में उर्मिला मातोंडकर की परफॉर्मेंस की याद दिला दी है।
राम गोपाल वर्मा को याद आईं उर्मिला
रविवार को राम गोपाल वर्मा ने एक्स पर एक वीडियो क्लिप शेयर किया, जिसमें 'कौन?' का एक सीन था। इस सीन में उर्मिला का किरदार दरवाजे पर आता है और पूछता है, 'कौन?'। इसके बाद उनके चेहरे के हाव-भाव डरावने और बेचैन करने वाले हो जाते हैं। क्लिप में 'ऑब्सेशन' का वायरल सीन भी शामिल था। वीडियो शेयर करते हुए फिल्ममेकर ने लिखा, ''ऑब्सेशन' देखने के बाद मुझे 'कौन?' में उर्मिला का यह शॉट याद आ गया।'
राम गोपाल वर्मा ने की फिल्म की तारीफ
राम गोपाल वर्मा ने पहले भी 'ऑब्सेशन' की तारीफ करते हुए कहा था कि उन्हें यह फिल्म बहुत पसंद आई है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'मुझे 'ऑब्सेशन' से जुनून की हद तक लगाव हो गया है। कुछ हफ्ते पहले तक पूरी इंडस्ट्री का मानना था कि सिर्फ बड़े बजट, बड़े स्टार्स और वीएफएक्स वाली फिल्में ही दर्शकों को थिएटर तक खींच सकती हैं, लेकिन 'ऑब्सेशन' ने इस सोच को बदल दिया। न बड़े स्टार्स, न शानदार लोकेशन, न भव्य प्रोडक्शन डिजाइन, न विदेश में शूटिंग, न टॉप टेक्नीशियन। इसके बताए गए 7 करोड़ रुपये के बजट के उलट, इसकी असल मेकिंग कॉस्ट (टेक्निकल फीस छोड़कर) 70 लाख रुपये से ज्यादा नहीं हो सकती, क्योंकि इसे पूरी तरह से सिर्फ तीन लोकेशन पर शूट किया गया है।'
कौन?
- फोटो : आईएमडीबी
कब रिलीज हुई 'कौन?'?
1999 में रिलीज हुई 'कौन?' राम गोपाल वर्मा की डायरेक्ट की हुई और अनुराग कश्यप की लिखी एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म है। फिल्म में मुख्य भूमिका में उर्मिला मातोंडकर के साथ मनोज बाजपेयी और सुशांत सिंह थे। इसे बॉलीवुड की बेहतरीन साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्मों में से एक माना जाता है।
‘ऑब्सेशन’
- फोटो : X
'ऑब्सेशन' का कलेक्शन
'ऑब्सेशन' के निर्देशक करी बार्कर हैं। यह एक अमेरिकी सुपरनैचुरल साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म है। $750,000 के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में लगभग $170 मिलियन की कमाई की है।