निर्माता राम गोपाल वर्मा ने फिल्म के लिए अमिताभ बच्चन की प्रतिक्रिया को भी याद किया। उन्होंने बताया कि बिग बी ने प्रीव्यू में फिल्म देखी और मुझे बताया कि उन्हें लगभग मुझे पीटने का मन कर रहा था, क्योंकि वह फिल्म देखने के दौरान वह खुद से नफरत कर रहे थे कि आखिर वह इस फिल्म को देखने क्यों आए हैं? राम ने कहा कि एक डरावनी फिल्म का काम यही होता है। एक डरावनी फिल्म भावनाओं को जगाने में सक्षम होनी चाहिए, चाहे डर हो या कुछ और।
राम ने बताया कि बहुत कम ही लोग जानते हैं कि अभिषेक बच्चन शुरुआत में इस फिल्म में काम करने वाले थे। हालांकि, किसी कारण से बात नहीं बनी और फिर उन्होंने अजय देवगन से संपर्क किया। तीन मिनट की कहानी को सुनने के बाद कथित तौर पर अभिनेता ने फिल्म में काम करने के लिए हां कह दी थी।
'भूत' में नाना पाटेकर, तनुजा, रेखा, सीमा बिस्वास, विक्टर बनर्जी, फरदीन खान और बरखा मदान ने भी अभिनय किया। 'भूत' फिल्म साल 2003 में रिलीज हुई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था।