हॉरर फिल्म 'ऑब्सेशन' इन दिनों भारतीय बॉक्स आफिस पर तगड़ी कमाई कर रही है। इसकी तारीफ दर्शकों से लेकर अब सेलेब्स भी कर रहे हैं। फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने इस फिल्म की खूब प्रशंसा की। इसके साथ यह भी कहा कि फिल्म देखकर उन्हें उर्मिला मातोंडकर की फिल्म 'कौन?' के किरदार की याद आ गई।
रामू ने साझा किया पोस्ट
फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने रविवार को एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर शेयर किया। यह क्लिप फिल्म 'कौन?' के एक सीन का था। उस सीन में उर्मिला का किरदार एक दरवाजे पर आकर पूछता है, "कौन?"।
फिर उसका चेहरा डरावना और बेचैन कर देने वाला हो जाता है। इसके साथ ही क्लिप में फिल्म 'ऑब्सेशन' का वायरल क्लिप भी शामिल था। इसके साथ उन्होंने अपने पोस्ट को कैप्शन दिया- 'ऑब्सेशन देखने के बाद मुझे 'कौन' फिल्म में उर्मिला का यह दृश्य याद आ गया।'
राम गोपाल वर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
रामू की फिल्म 'कौन?'
फिल्म कौन 1999 में रिलीज हुई थी। फिल्म का निर्देशन राम गोपाल वर्मा ने किया था। वहीं कहानी अनुराग कश्यप ने लिखी थी। 'कौन?', एक सॉइकोलाजिकल थ्रिलर फिल्म थी जिसमें उर्मिला मातोंडकर मुख्य भूमिका में थीं। मनोज बाजपेयी और सुशांत सिंह भी फिल्म में दिखाई दिए थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म की शूटिंग सिर्फ 15 दिनों में पूरी हो गई थी। समय के साथ इसने एक कल्ट फिल्म का दर्जा हासिल कर लिया है और इसे अक्सर बॉलीवुड की बेहतरीन मनोवैज्ञानिक थ्रिलर फिल्मों में से एक माना जाता है।
फिल्म 'ऑब्सेशन' का सीन
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म ‘ऑब्सेशन' की अब तक की कमाई
हॉलीवुड हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ को भारत में दर्शकों ने काफी पसंद किया था। यह एक सुपरनैचुरल साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म है। ‘ऑब्सेशन’ को करी बार्कर ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म ने रिलीज से 11वें दिन तक कुल 36.27 करोड़ की कमाई की है।