सफलता के कई दावेदार होते हैं। इस साल चौंकाते हुए बॉक्स ऑफिस पर सुपर हिट होने वाली फिल्मों में स्त्री अव्वल है। राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर स्टारर इस फिल्म का अंत देख कर फिल्मों के शौकीनों को पूरा भरोसा है कि सीक्वल बनेगा। अगस्त में रिलीज फिल्म की समीक्षाओं तक ने यह बात लिख दी गई थी परंतु इंडस्ट्री के लोग हैरान हैं कि अभी तक सीक्वल की घोषणा नहीं हुई। गॉसिप गलियारों में हो रही चर्चाओ की मानें तो फिल्म की सफलता के श्रेय पर इसके निर्माताओं में मनमुटाव हो गया है।
स्त्री का निर्माण राज-डीके की जोड़ी और दिनेश विजन ने किया था परंतु सफलता पूरी तरह से विजन के नाम लिख दी गई। यह बात राज-डीके को अखर रही है। उन्हें लग रहा है कि फिल्म में उनके निर्माता होने का प्रचार सही ढंग से नहीं किया गया। स्त्री के लेखक भी राज-डीके थे। इसका निर्देशन अमर कौशिक ने किया था। चर्चाओं के अनुसार राज-डीके स्त्री की सफलता का पूरा क्रेडिट दिनेश के खाते में जाने से खफा हैं। विजन ने फिल्म की सफलता के तत्काल बाद कह दिया था कि सीक्लव बनेगा।