बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव के पास इन दिनों कई फिल्मों की भरमार है। बीते दिनों रिलीज हुई उनकी हॉरर कॉमेडी फिल्म 'स्त्री' ने अब तक 100 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया वहीं उनकी दूसरी फिल्म 'लव सोनिया' को भी फिल्म समीक्षकों ने अच्छा बताया है। इस बीच उनकी एक और फिल्म का पोस्टर रिलीज हो गया है। राजकुमार राव के साथ इस फिल्म में अक्षय कुमार की फिल्म 'गोल्ड' से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली टीवी अभिनेत्री मौनी रॉय मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। राजकुमार और मौनी रॉय की इस फिल्म का नाम 'मेड इन चाइना' है। इस फिल्म का निर्देशन मिखिल मुसाले कर रहे हैं, जबकि फिल्म के निर्माता दिनेश विजयन हैं।
सोमवार को राजकुमार राव और मौनी रॉय ने 'मेड इन चाइना' के पहले पोस्टर को अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया हैं। जहां इसके फैंस इस पोस्टर को काफी पसंद कर रहे हैं। पोस्टर में दोनों ही सितारे एकदम अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। पोस्टर के साथ ही फिल्म 'मेड इन चाइना' की रिलीज डेट का खुलासा हो गया है। यह फिल्म अगले साल 15 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
खबरों की मानें तो 'मेड इन चाइना' में मौनी रॉय मुंबई की मध्य वर्ग की लड़की की भूमिका में दिखाई देंगी जो डांसिंग की दीवानी है। वहीं राजकुमार राव एक गुजराती व्यापरी की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में राजकुमार के किरदार का नाम रघु है तो वहीं मौनी रुकमणी के किरदार में दिखाई देंगी हैं। यह एक कॉमेडी ड्रामा फिल्म होगी।