करीब 17 साल बाद ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल पर आधिकारिक काम शुरू हो चुका है। खुद राजकुमार हिरानी ने इस प्रोजेक्ट को लेकर खुलकर बात की है। आमिर खान भी कहानी सुन चुके हैं और ओरिजिनल स्टार कास्ट के वापस आने की उम्मीद है। आइए जानते हैं अब तक क्या-क्या सामने आया है।
कैसी होगी सीक्वल की कहानी?
राजकुमार हिरानी ने द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से बातचीत में बताया कि वह अपने लंबे समय के राइटिंग पार्टनर अभिजात जोशी के साथ मिलकर सीक्वल की कहानी और स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी इस प्रोजेक्ट पर काफी काम बाकी है।
हिरानी के मुताबिक, इस बार कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां से पहली फिल्म खत्म हुई थी, लेकिन करीब 15-20 साल बाद। यानी अब तीनों दोस्त शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं। वे अपनी जिंदगी के मिड-लाइफ क्राइसिस से गुजर रहे हैं। इस बार कहानी कॉलेज में नहीं होगी, क्योंकि अब वक्त और जिंदगी दोनों बदल चुके हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इस फिल्म में भी एक बड़ा मैसेज होगा, जैसे पहली फिल्म में था। कहानी थोड़ी अलग और अनोखी होगी, लेकिन उसमें पहले जैसी ही ह्यूमर भी रहेगा। हालांकि अभी फिल्म की रिलीज डेट या शूटिंग शेड्यूल को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
आमिर खान 3 इडियट्स
- फोटो : सोशल मीडिया
3 ईडियट्स पर क्या बोले आमिर खान?
आमिर खान ने अप्रैल 2026 में अमर उजाला को दिए इंटरव्यू में इस सीक्वल की पुष्टि की थी। उन्होंने बताया कि वह कहानी सुन चुके हैं।
आमिर ने कहा, ‘राजू इस समय ‘3 इडियट्स 2’ पर काम कर रहे हैं। मैंने इसकी कहानी सुनी है और यह बहुत शानदार है। स्क्रिप्ट पर अभी थोड़ा काम बाकी है, लेकिन कहानी काफी अलग और मजेदार है, बिल्कुल पहली फिल्म की तरह।’
उन्होंने यह भी कहा कि वह फिर से फुनसुख वांगडू का किरदार निभाने को लेकर काफी एक्साइटेड हैं।
3 इडियट्स
- फोटो : सोशल मीडिया
ओरिजिनल स्टार कास्ट की वापसी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीक्वल में आमिर खान, करीना कपूर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी एक बार फिर नजर आ सकते हैं। फिल्म को राजकुमार हिरानी डायरेक्ट करेंगे और विदु विनोद चोपड़ा, हिरानी और आमिर खान मिलकर इसे प्रोड्यूस करेंगे।
हालांकि बोमन ईरानी, मोना सिंह और जावेद जाफरी जैसे सपोर्टिंग एक्टर्स की वापसी को लेकर अभी कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आई है।
'3 इडियट्स'
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म का वर्किंग टाइटल ‘4 इडियट्स’
बताया जा रहा है कि फिलहाल फिल्म का वर्किंग टाइटल ‘4 इडियट्स’ रखा गया है, जो आगे चलकर बदल भी सकता है। मेकर्स इस बार एक नए किरदार को भी जोड़ने की सोच रहे हैं, जिससे कहानी और बड़ी हो सके। हालांकि इस नए किरदार के लिए अभी किसी एक्टर का नाम सामने नहीं आया है।
3 इडियट्स
- फोटो : यूट्यूब
दादासाहेब फाल्के बायोपिक फिलहाल रुकी
राजकुमार हिरानी और आमिर खान पहले दादासाहेब फाल्के की बायोपिक पर काम करने वाले थे, लेकिन स्क्रिप्ट की वजह से वह प्रोजेक्ट फिलहाल रोक दिया गया है। अब दोनों का फोकस ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल पर है।
3 इडियट्स
- फोटो : सोशल मीडिया
क्यों खास थी ‘3 इडियट्स’
‘3 इडियट्स’ 24 दिसंबर 2009 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म को विदु विनोद चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया था और इसका बजट करीब 55 करोड़ रुपये था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 400.61 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
यह पहली भारतीय फिल्म थी जिसने 200 करोड़ क्लब में एंट्री की थी। फिल्म में आमिर खान, आर. माधवन, शरमन जोशी, करीना कपूर खान और बोमन ईरानी मुख्य भूमिकाओं में थे।
फिल्म का मुख्य संदेश था कि हमें समाज के दबाव में आकर नहीं, बल्कि अपने दिल और पैशन के हिसाब से चलना चाहिए। इस फिल्म ने भारत की शिक्षा प्रणाली को लेकर एक बड़ी बहस भी छेड़ दी थी। इसके डायलॉग, गाने और किरदार आज भी लोगों की जुबान पर हैं।
ये भी पढ़ें- रणवीर सिंह का प्रण, 18 महीने तक नहीं देंगे कोई इंटरव्यू; ‘डॉन 3’ विवाद पर साधी चुप्पी; इसलिए लिया फैसला
आमिर खान और राजकुमार हिरानी
- फोटो : सोशल मीडिया
2026 के दूसरे हिस्से में शुरू हो सकती है शूटिंग
इंडस्ट्री से जुड़ी खबरों के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग 2026 के दूसरे हिस्से में शुरू हो सकती है। हालांकि इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल मेकर्स स्क्रिप्ट को फाइनल करने में जुटे हुए हैं।