सलमान खान की 'सुल्तान' दो हफ्ते से बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी के झंडे गाड़ रही है। इस हफ्ते रिलीज हुई 'ग्रेट ग्रेंड मस्ती' की सेक्स के इर्द-गिर्द घूमती कहानी को देखते हुए फिल्मी पंडित मान रहे थे कि ये फिल्म अच्छी कमाई करेगी और सुल्तान की कमाई पर असर पड़ेगा। 'ग्रेट ग्रेंड मस्ती' पहले तीन दिन में ही फुस्स गई वहीं सुल्तान ने दूसरे हफ्ते शानदार कमाई करते हुए 500 करोड़ की तरफ कदम बढ़ा दिए। अब 'सुल्तान' की कमाई पर ब्रेक लग सकता है, इसकी वजह है रजनीरकांत की कबाली।
22 जुलाई को 'कबाली' रिलीज हो रही है। देशभर में 'कबाली' की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। खास बात ये है कि बुकिंग खुलते ही दो घंटे में फिल्म के सारे टिकट बिक गए। जिस तरह से फिल्म के टिकट बिके और सोशल मीडिया पर इसको लेकर उत्साह है, उसे देखते हुए कई ट्रेड एनेलिस्ट कह रहे हैं कि ये फिल्म एक हफ्ते में ही सलमान की 'सुल्तान' को पीछे छोड़ देगी।
'कबाली' देशभर में 12 हजार स्क्रीन पर रिलीज होगी। ऐसे में आने वाले हफ्ते में सुल्तान के पास बहुत कम स्क्रीन रह जाएगी। इससे फिल्म पर असर पडे़गा। 'कबाली 'चीन में 4500 स्क्रीन पर रिलीज होगी, वहीं अमेरिका में 400 स्क्रीन पर फिल्म रिलीज होगी। तमिलनाडु सरकार ने फिल्म का टिकट की कीमत 120 रुपये से ज्यादा करने पर पाबंदी लगा दी है। वहीं केरल और कर्नाटक में 600 रुपये तक में फिल्म के टिकट बिकने की खबरे हैं।