हॉकी के राष्ट्रीय खेल होने के बावजूद भारत एक क्रिकेट प्रेमी देश है। और जिस हिसाब व स्तर पर हमारे देश में इस खेल को खेला जाता है वह अविस्मरणीय है। शुरूआत से ही क्रिकेट और उससे जुड़े खरीद फरोख्त के मामले सुर्खियों में रहे हैं। फिल्मी जगत भी क्रिकेट से अपना लगाव समय समय पर जताता रहा है। कुछ ही वक्त पहले इसी खेल से जुड़े खरीद फरोख्त के मामले में फिल्मी जगत के एक बड़े दिग्गज का नाम सामने आया था, वही नाम अब इस मामले से राजस्थान हाइ कोर्ट ने हटा दिया है।
यह नाम है श्रीदेवी के पति बोनी कपूर का। बोनी कपूर और उनके समेत तीन लोगों के खिलाफ इसी साल जुलाई के महीने में जयपुर के प्रताप नगर थाने में एक एफ आई आर दर्ज करवाई गई थी। यह एफ आई आर जगतपुरा स्थित रामनगरिया के निवासी प्रवीन श्याम सेठी ने दर्ज करवाई थी। उनका आरोप यह था कि बोनी कपूर ने सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग कराने के बहाने उनसे करोड़ों की ठगी की थी। प्रताप नगर थाना के SHO संजय शर्मा ने एफआईआर में दर्ज की गई धोखाधड़ी की कुल राशि 2.5 करोड़ बताई गई थी। दरअसल शिकायतकर्ता प्रवीण श्याम सेठी और उनके दोस्त ने सिगनेचर नाम से एक सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग में भारी मात्रा में निवेश किया था।