राज शांडिल्य की जिस फिल्म के जल्द ही शुरू होने की चर्चा है, उसका नाम है 'जनहित में जारी'। फिल्म के निर्देशक ओमंग कुमार हैं और इसमें लीड किरदारों के लिए नुसरत भरुचा और अभिनेता पावेल गुलाटी साइन किए गए हैं। इसी फिल्म की शूटिंग राज अपने गृह प्रदेश उत्तर प्रदेश में करने वाले थे लेकिन कोरोना संक्रमण के मामलों के बाद अब उन्हें वहां शूटिंग करने में दिक्कत महसूस होती दिख रही है। बताया गया कि इस फिल्म की शूटिंग अब वह मध्य प्रदेश के चंदेरी व आसपास के इलाकों में करेंगे।
'जनहित में जारी' फिल्म में नुसरत भरूचा एक ऐसी सेल्स गर्ल का किरदार कर रही हैं जिसे कंडोम बेचने का काम मिला हुआ है। नुसरत फिल्म में एक छोटे शहर की लड़की की भूमिका निभा रही हैं जो पढ़ी लिखी भी है और नए विचारों का आदर भी करती है। वह एक नौकरी की तलाश में है। और, नौकरी उसे कंडोम बनाने वाली एक कंपनी में सेल्स और प्रमोशन डिपार्टमेंट में मिलती है। अब उसे अलग अलग जगहों पर जाकर कंपनी का उत्पाद बेचना है। फिल्म की कहानी का हास्य यहीं से उपजता है।
राज शांडिल्य ने सोनू सूद को लीड रोल में लेकर भी एक फिल्म बनाने का एलान किया है। इस फिल्म का नाम 'किसान' रखा गया है और इसके निर्देशन की जिम्मेदारी ई निवास को मिली है। चर्चित बुजुर्ग धावक फौजा सिंह की बायोपिक पर भी फिल्म बनाने की तैयारी राज कर रहे हैं। ओमंग कुमार ही इस फिल्म के भी निर्देशक हैं। इन चार फिल्मों का निर्माण करने के लावा राज शांडिल्य ने 'ड्रीम गर्ल 2' बनाने का काम भी जारी रखा है। 'ड्रीम गर्ल 2' की पटकथा पूरी हो चुकी है।