फिल्म निर्माता कंपनी टी सीरीज के बैनर तले इसके कर्ताधर्ता भूषण कुमार ने अपनी छोटी बहन अभिनेत्री खुशाली कुमार को लॉन्च करने की तैयारी कर दी है। उन्होंने बीते बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करके जानकारी दी उनकी अगली फिल्म की शूटिंग शुरू हो गई है जिससे खुशाली कुमार अपने करियर की शुरुआत करेंगी। खुशाली के साथ इस फिल्म में अभिनेता आर माधवन, अपारशक्ति खुराना और दर्शन कुमार जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाएं निभाएंगे।
टी सीरीज कंपनी के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट में लिखा गया, 'हमारी नई फिल्म की शूटिंग शुरू हो गई है। इसमें आर माधवन, अपारशक्ति खुराना, खुशाली कुमार और दर्शन कुमार मुख्य भूमिकाएं निभाएंगे। फिल्म का निर्देशन करेंगे कूकी वी गुलाटी और फिल्म का निर्माण होगा टी सीरीज के बैनर तले।' फिल्म की शूटिंग शुरू होने की घोषणा तो बीते बृहस्पतिवार को ही हुई है लेकिन इसकी तैयारियां पिछले काफी महीनों से चल रही थीं।
दरअसल, भूषण कुमार ने वर्ष 2019 के जुलाई महीने में घोषणा की थी कि वह एक कॉमेडी फिल्म 'दही चीनी' बनाएंगे जिससे उनकी बहन खुशाली अपने करियर की शुरुआत करेंगी। बताया गया था कि खुशाली उस फिल्म में एक वकील की भूमिका में होंगी जबकि आर माधवन उनके हीरो बनेंगे। फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी दी जा रही थी अश्विन नील मणि को। लेकिन, वह फिल्म आगे ही नहीं बढ़ पाई और भूषण ने उस फिल्म को वही खत्म कर दिया।