इस फिल्म में पुनीत राजकुमार के साथ वन्यजीव फोटोग्राफर और फिल्म निर्माता अमोघवर्ष हैं, जिन्होंने फिल्म का टीजर रिलीज किया है। इस टीजर की शुरुआत एक घने जंगल से होती है, जिसमें सांप और हाथी जैसे जानवर देखने को मिल रहे हैं। इस फिल्म में पुनीत कर्नाटक तट के समुद्री जीवन का पता लगाते हुए नजर आएंगे। खास बात ये है कि इस फिल्म का अब तक दर्शकों को टाइटल नहीं पता था और अब सभी को इस टीजर के साथ फिल्म का टाइटल ‘गंधा गुड़ी’ के बारे में भी जानकारी मिल गई है।
पुनीत राजकुमार का ये टीजर पहले 1 नवंबर को रिलीज हो रहा था। मेकर्स इसे अभिनेता की मां पर्वतम्मा राजकुमार की जयंती पर प्रीमियर के लिए रखा गया था। हालांकि, ऐसा नहीं किया गया। पुनीत राजकुमार ने भी अपने आखिरी ट्वीट में फिल्म का एक पोस्टर शेयर किया था। ये पोस्ट उन्होंने निधन से पहले 27 अक्तूबर को किया था और 'गंधा गुड़ी' का टीजर 1 नवंबर को रिलीज होने वाला था। दिवंगत अभिनेता के इस ड्रिम प्रोजेक्ट के गाने अजनीश लोकनाथ ने लिखे हैं। 'गंधा गुड़ी' का निर्माण पुनीत राजकुमार के पीआरके प्रोडक्शन और मडस्किपर द्वारा किया गया है।
बता दें कि पुनीत राजकुमार ने अपने करियर की शुरुआत बतौर बाल कलाकार के रूप में की थी। पुनीत राजकुमार राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित भी हुए थे। इसके बाद उन्होंने लीड अभिनेता के रूप में कई सुपरहिट फिल्में दी हैं। वह एक गायक भी थे।