मशहूर निर्माता- निर्देशक जॉनी बख्शी इस दुनिया में नहीं रहे। उनका शुक्रवार (चार सिंतबर) देर रात को निधन हो गया है। जॉनी बख्शी ने बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया था। जॉनी बख्शी ने सिर्फ एक बेहतरीन निर्देशक थे बल्कि एक निर्माता भी थे। राजेश खन्ना और गुलशन ग्रोवर स्टारर फिल्म खुदाई के निर्माता भी जॉनी बख्शी ही थे।
बेटी प्रिया ने पीटीआई से बात करते हुए, '82 वर्षीय जॉनी कल सांस की समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती हुए थे। गंभीर हालत के चलते वो वेंटिलेटर पर थे। सबसे पहले उनका कोविड टेस्ट हुआ जो निगेटिव आया। वहीं रात करीब 2 बजे दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई।'
जॉनी बख्शी के निधन पर शोक जाहिर करते हुए निर्देशक विनय शुक्ला ने कहा, 'वो एक दम साफ सीधे शख्स थे, इधर उधर की बात न करते हुए सीधे मुद्दे की बात करते थे।उन्होंने अपने जीवन में कई हटकर फैसले लिए और सफलता का स्वाद चखा, वहीं कुछ फैसलों से निराशा भी मिली। महेश भट्ट की फिल्म 'मंजिलें और भी हैं' और राज खोसला की 'मेरा दोस्त मेरा दुश्मन' के निर्माण के लिए भी उन्हें याद रखा जाएगा। आप याद आओगे जॉनी बख्शी।'
बख्शी का अंतिम संस्कार शनिवार को परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में यहां के शवदाह गृह में कर दिया गया। बख्शी ने अपने चार दशक के करियर में अधिकतर काम बतौर निर्माता किया था। वह ‘मंजिलें और भी हैं’ (1974), ‘रावण’ (1984), ‘फिर तेरी कहानी याद आयी’(1993) जैसी फिल्मों के निर्माता थे। उन्होंने दो फिल्मों ‘ डाकू और पुलिस’ (1992) और ‘खुदाई’ (1994) का निर्देशन किया। ’खूदाई’ में राजेश खन्ना मुख्य भूमिका में थे। उनके निधन पर अभिनेता अनुपम खेर और निर्माता कुणाल कोहली ने शोक व्यक्त किया और श्रद्धांजलि दी।
पढ़ें: एनसीबी के सामने शौविक ने कबूला सच, कहा- 'बहन रिया चक्रवर्ती के लिए खरीदता था ड्रग्स