अभिनेता अजय देवगन की फिल्म 'मैदान' के बाद देश की जानी-मानी अभिनेत्री प्रियमणि का नाम सायनाइड मोहन के नाम से मशहूर कुख्यात अपराधी के ऊपर बनने वाली फिल्म से जुड़ गया है। इस फिल्म का शीर्षक 'सायनाइड' है जिसे दक्षिण भारतीय फिल्मों के जाने-माने फिल्म निर्देशक राजेश टचरिवर (Rajesh Touchriver) बना रहे हैं। प्रियमणि इस फिल्म में सायनाइड मोहन के केस की छानबीन करने वाली आईजी रैंक की अफसर का किरदार निभाएंगी।
वर्ष 2005 से 2009 के बीच में सायनाइड मोहन के नाम से मशहूर अपराधी का दक्षिण भारत में खूब दबदबा था। इन सालों के बीच में उसने अलग-अलग जगहों की 20 महिलाओं को अपना शिकार बनाया। वह एक सीरियल किलर था जो पहले महिलाओं से शादी करता, फिर उन्हें सुहागरात के अगले ही दिन सायनाइड देकर मार दिया करता था। उसकी शिकार ज्यादातर वह महिलाएं होती थीं जिनके या तो ब्याह नहीं हो रहे थे, या फिर उनके माता-पिता दहेज देने में असमर्थ थे। इस अपराधी का असली नाम मोहन कुमार विवेकानंद है।