प्रीति जिंटा मुंबई आएंगी। अभी वह अमेरिका में हैं। मुंबई पुलिस उन्हें बुलावा भेजा है। मुंबई आने के बाद प्रीति को पुलिस उसी मैदान में ले जाएगी जहां छेड़खानी की यह कथित घटना हुई है। हो सकता है प्रीति के बाद पुलिस नेस वाडिया को भी उसी मैदान में ले जाकर उनसे पूंछताछ करे।
बीसीसीआई ने भी वानखेड़े स्टेडियम के गारवरे पवेलियन में 30 मई के आईपीएल मैच के दौरान मौजूद दर्शकों और सिटिंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी मांगी है। इस मामले में अभिनेत्री के पूर्व प्रेमी और उद्योगपति नेस वाडिया आरोपी हैं।
विदेश में बसने की भी अफवाहें
प्रीति जिंटा का फिल्मी कैरियर पहले ही खत्म हो चुका है। वह आखिरी बार अपनी ही प्रोड्यूस की हुई फिल्म में नजर आईं थीं। इस घटना के बाद प्रीति अब भारत छोड़ने की भी तैयारी कर रही हैं। ऐसी खबरें आ रही हैं कि इस विवाद के सुलटने के बाद प्रीति जिंटा हमेशा के लिए विदेश में ही बस जाएं। प्रीति जिंटा की अभी शादी नहीं हुई है।
आईपीएल के अधिकारी भी होंगे शामिल
प्रीति और वाडिया दोनों ही आईपीएल टीम किंग्स इलेवन पंजाब टीम में साझेदार हैं। जांच में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि हमने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को पत्र लिखकर विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है ताकि प्रीति जिंटा द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच में मदद मिल सके।
अधिकारी ने कहा कि हमने बीसीसीआई से गारवरे पवेलियन में मौजूद दर्शकों की लिस्ट, सिटिंग व्यवस्था, सुरक्षा स्टाफ के नाम और साथ ही आतिथ्य सेवा में लगे लोगों की भी जानकारी मांगी है। उम्मीद है कि एक दो दिन में जानकारी मिल जाएगी।
प्रीति ने किया था दावा
प्रीति जिंटा ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि 30 मई की वारदात के वक्त किंग्स इलेवन पंजाब के कई खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ और वानखेड़े स्टेडियम के अधिकारी मौजूद थे। जिंटा और वाडिया के बीच हुई घटना के बारे में अधिकारी का कहना है कि अभिनेत्री ने वाडिया के दुर्व्यवहार की जानकारी आईपीएल चेयरमैन रंजीब बिस्वाल को भी दी थी। जरूरत पड़ने पर हम बिस्वाल को भी बयान दर्ज कराने के लिए बुलाएंगे। वहीं दूसरी ओर प्रीति के दावे पर बिस्वाल ने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि उन्होंने कहा कि यदि उन्हें बुलाया जाता है तो वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे।