प्राइम वीडियो पुनीत राजकुमार की मुफ्त दिखाई जाने वाली फिल्में हैं, लॉ, फ्रेंच बिरयानी, कवलुदारी, मायाबाजार और युवारत्ना। नॉन प्राइम मेंबर्स भी इसका मुफ्त में लाभ उठा सकेंगे। पीआरके प्रोडक्शंस के साथ जुड़ाव के बारे में अमेजन प्राइम वीडियो के कंटेंट लाइसेंसिंग हेड, मनीष मेंघानी कहते हैं, “पुनीत राजकुमार का सिनेमा में बहुत बड़ा योगदान रहा है और हमें यकीन है कि ये फिल्में भारत और भारत के बाहर उनके प्रशंसकों और चाहने वालों को एक अनूठा अनुभव देंगी। स्वर्गीय पुनीत राजकुमार की सुखद स्मृति में इस जुड़ाव के माध्यम से हमें कुछ हास्य, रिलेटेबल और बेहद बांधे रखने वाली कहानियों को पेश करते हुए खुशी हो रही है।"
वहीं, पीआरके प्रोडक्शंस के अश्विनी पुनीत राजकुमार ने कहा, "सिनेमा के प्रति पुनीत राजकुमार के अनूठे विजन ने दर्शकों को वर्षों तक मंत्रमुग्ध किया। जिसकी वजह से उन्हें बड़ी फैन फॉलोविंग और सम्मान मिला, जिसके वे हकदार थे। उस विरासत को आगे बढ़ाने की हमारी कोशिश जारी है। प्राइम वीडियो के साथ अपने सफल जुड़ाव को जारी रखने और हमारी फिल्मों को दुनिया भर के दर्शकों तक ले जाने की हमें खुशी है।”
कन्नड़ सिनेमा के बेहद चर्चित अभिनेता डॉ. राजकुमार के बेटे पुनीत राजकुमार का बीते साल आकस्मिक निधन हो गया था। पुनीत ने भी कन्नड़ सिनेमा में काफी नाम कमाया। बचपन से ही अभिनय शुरू कर देने वाले पुनीत ने 29 फिल्मों में काम किया और कर्नाटक सिनेमा के उनके लाखों प्रशंसक पूरी दुनिया में फैले हुए हैं। पुनीत की फिल्मों के प्रसारण के साथ प्राइम वीडियो की कोशिश इन प्रशंसकों तक पहुंचने की है। हाल के दिनों में प्राइम वीडियो ने कुछ बेहतरीन दक्षिम भारतीय फिल्मों का प्रदर्शन किया है।