अमेरिकी बॉयफ्रेंड जेन गुडइनफ से शादी के पहले ही प्रिटी जिंटा का फिल्म करियर ठंडा पड़ चुका था, परंतु विवाह के बाद फिर से बॉलीवुड में किस्मत आजमाना चाहती हैं। यही वजह है कि करीब ढाई-तीन साल से बंद पड़ी अपनी फिल्म भैयाजी सुपरहिट को पूरी कराने में जुट गई हैं। पिछले दिनों प्रिटी ने बनारस में इस फिल्म की शूटिंग की। फिल्म में सनी देओल हीरो हैं।
पहले चर्चा थी कि विवाह के बाद प्रिटी पूरी तरह ऐक्टिंग को अलविदा कह देंगी और उन प्रोजेक्ट्स को शुरू करेंगी जिनकी वह वर्षों से मीडिया में सिर्फ चर्चा ही करती रहती हैं। प्रिटी को आखिरी बार सैफ अली खान स्टारर फिल्म हैप्पी एंडिंग में देखा गया था। फिल्म फ्लॉप थी।
इसके पहले प्रिटी नायिका के रूप में अंतिम बार अपनी होम प्रोडक्शन इश्क इन पेरिस (2013) में दिखी थीं। फिल्म कब आई और गई, लोगों को पता नहीं चला। भैयाजी सुपरहिट लंबे समय तक डिब्बाबंद थी, मगर इसका काम मई में फिर शुरू हुआ। अब प्रिटी ने अपने हिस्से की शूटिंग की है। फिल्म की रिलीज डेट फिलहाल घोषित नहीं की गई है।