फिल्म 'बाहुबली' से दर्शकों के दिलों पर छा जाने वाले प्रभास अब अपनी अगली फिल्म 'साहो' की शूटिंग में बिजी हैं । इस फिल्म में प्रभास के साथ श्रद्धा कपूर नजर आएंगी । अब प्रभास को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आई है।
दरअसल, प्रभास जल्द ही शादी करने वाले हैं । प्रभास और उनका परिवार 'साहो' के रिलीज होने का इंतजार कर रहा है । 'साहो' की रिलीज के साथ ही प्रभास अपनी शादी का ऐलान कर देंगे । शादी किससे होगी, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है ।
'साहो' की रिलीज के बाद प्रभास फिल्मों से लंबा ब्रेक लेंगे और शादी के बंधन में बंध जाएंगे । 'बाहुबली' और 'बाहुबली-2' रिलीज के दौरान भी प्रभास की शादी को लेकर मीडिया में खूब खबरें आई थीं । खबर थी कि प्रभास अपनी हीरोइन अनुष्का शेट्टी से शादी करेंगे । हालांकि प्रभास और अनुष्का ने कभी इस पर खुलकर बात नहीं की ।
फिल्म 'साहो' की बात करें तो एक बार फिर प्रभास एक्शन किरदार में नजर आएंगे। इस फिल्म की शूटिंग देश-विदेश की कई लोकेशन पर की गई है। खबर के मुताबिक, यह फिल्म हिंदी, तेलुगु और तमिल में रिलीज होगी । एक्शन से भरपूर इस फिल्म में नील नितिन मुकेश, जैकी श्रॉफ, चंकी पांडे और मंदिरा बेदी जैसे एक्टर्स भी नजर आएंगे। खास बात यह है कि 'साहो' के एक्शन सीन हॉलीवुड स्टंट डायरेक्टर केनी बेट्स की देख-रेख में बखूबी किए जा रहे हैं।
23 अक्तूबर को प्रभास 38 साल के हो गए हैं। इसके बाद उनके फैंस को उम्मीद थी कि प्रभास अपने बर्थडे के दिन शादी की घोषणा करेंगे लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ । अब लगता है कि फैंस का इंतजार खत्म होगा और प्रभास खुद अपनी शादी की डेट का ऐलान करेंगे ।