हेट स्टोरी 2 का पहला पोस्टर आ गया है। फिल्म का पोस्टर बेहद बोल्ड है जो कि विवादों को जन्म भी दे सकता है।
फिल्मों को चर्चित बनाने के लिए निर्माता-निर्देशक ऐसे पोस्टर बनाते हैं जो लोगों का ध्यान आकर्षित करें। दर्जनों बॉलीवुड फिल्में उत्तजेक दृश्यों वाले पोस्टरों के कारण चर्चा में आई हैं। कई पोस्टरों पर विवाद भी खड़े हुए हैं, जिनका फायदा अंततः फिल्मों को मिला।
आने वाली फिल्म ‘हेट स्टोरी 2’ का पोस्टर भी कुछ ऐसा ही है। यह पोस्टर और फिल्म का ट्रेलर गुरुवार को मुंबई में रिलीज किया गया। खास बात यह है कि फिल्म की निर्माता कंपनी टी-सीरीज ने सेंसर बोर्ड को ध्यान में रखते हुए फिल्म के दो ट्रेलर जारी किए हैं। एक तो टीवी पर दिखाने के लिए, जिसमें बोल्ड दृश्यों की मात्रा नहीं के बराबर है।
दूसरा ट्रेलर यू-ट्यूब पर डाला गया है, जिसमें कई बोल्ड सीन हैं। लेकिन पोस्टर के साथ ऐसा बंटवारा नहीं हो सकता। अतः पोस्टर हर कहीं देखने वालों को आश्चर्य में डाल रहा है। पोस्टर पर फिल्म की हीरोइन को एक पलंग पर कमर के नीचे सिर्फ चादर लपेटे दिखाया गया है। हीरोइन की पीठ पूरी तरह से खुली है और उसके हाथों में पिस्तौल है। पोस्टर बताता है कि फिल्म में कितने बोल्ड दृश्य होंगे।
फिल्म का निर्देशन विशाल पंड्या ने किया है, जबकि टीवी ऐक्टर जय भानुशाली और सुरवीन चावला मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में सुशांत सिंह खलनायक की भूमिका निभा रहे हैं। 18 जुलाई को रिलीज होने जा रही इस फिल्म की कहानी ‘हेट स्टोरी’ की तर्ज पर ही एक लड़की द्वारा उसकी जिंदगी बर्बाद करने वालों से खूनी बदले की कहानी है।
‘हेट स्टोरी 2’ में सुरवीन बेहद बोल्ड और सेक्सी अवतार में नजर आएंगी जो अपने प्रेमी (जय) को मौत के घाट उतारने वालों से बदला लेती है। फिल्म में न केवल सेक्सी दृश्य हैं बल्कि इसके संवाद भी सुनने वालों के कान खड़े कर देंगे।
फिल्म मुंबई की राजनीति पर भी रोशनी डालेगी, जहां सेक्स को कैसे एक हथकंडे के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन फिलहाल तो इसका पोस्टर ही विवादों को आमंत्रण दे रहा है।