निर्देशक विनोद कापड़ी की फिल्म 'पीहू' का ट्रेलर 2 दिन पहले ही रिलीज हुआ है। ट्रेलर रिलीज होते ही सबके दिलों और दिमाग पर छा गया है। यह फिल्म सच्ची घटना पर आधारित है, जहां 2 साल की बच्ची घर में अकेली है और उसकी मां घर के एक कमरे में मरी पड़ी है। फिल्म के निर्माता है सिद्धार्थ रॉय कपूर और रॉनी स्क्रूवाला। यह 16 नवंबर 2018 को रिलीज होगी। ट्रेलर को अब तक 3,736,812 से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
ट्रेलर को बॉलीवुड से लेकर आम जनता तक लोग पसंद कर रहे हैं। अमिताभ से लेकर मनोज बाजपायी तक इस फिल्म की ट्वीट कर सराहना कर रहे है। अमिताभ ने लिखा है- 'एक फिल्म सिर्फ एक अार्टिस्ट के साथ...एक बच्चा।'
2 साल की पीहू मां की मौत के बाद अकेले क्या करती है और किन परिस्थितियों से गुजरेगी, यह सोचने पर ही मन में घबराहट पैदा कर देती है। एक यूजर ने ट्वीट करते हुए लिखा- ट्रेलर देखने के बाद मेरी घड़कने थम गईं। ये फिल्म कमजोर दिल वालों के लिए नहीं है।
एक यूजर ने लिखा- पीहू का ट्रेलर किसी भूतिया फिल्म से भी ज्यादा डरा देने वाला है। ये फिल्म देखने के लिए हिम्मत चाहिए।
ट्रेलर शुरू होता है 2 साल की बच्ची की कहानी से जब वह घर में अकेली होती है और खेल ही खेल में फ्रिज में बंद हो जाती है। वह अपनी मरी हुई मां को जगाने की कोशिश करती है। घर में अकेली 2 साल की वह बच्ची कभी किचन में जाकर गैस जला देती है तो कभी माइक्रोवेव ऑन करके रोटी बनाने की कोशिश करती है।
फिल्म एक सत्य घटना पर आधारित बताई गई है। यह पहले ही कई फिल्म फेस्टिवल में जा चुकी है। पाम स्प्रिंग्स और गोवा फिल्म फेस्टिवल में ये ओपनिंग फिल्म थीं। फिल्म के निर्देशक विनोद कापड़ी की इस कहानी को कई निर्माताओं ने पसंद ही नहीं किया और रिजेक्ट कर दिया। इस फिल्म को रॉनी स्क्रूवाला और सिद्धार्थ रॉय कपूर ने प्रोड्यूज किया है।
यहां देखें ट्रेलर