दो दशक से साथ काम कर रहे
बता दें कि सेलिब्रिटी ट्रेनर प्रशांत सुभाष सावंत ने हाल ही में शाहरुख के फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन पर बातचीत की है। उन्होंने खुलासा किया है कि यह दमदार लुक पाने के लिए शाहरुख खान ने खूब मशक्कत की है। उन्होंने बताया कि वह शाहरुख के साथ पिछले करीब दो दशक से काम कर रहे हैं। प्रशांत सुभाष ने कहा, 'मैं पिछले 24 सालों से शाहरुख को ट्रेनिंग दे रहा हूं। पिछले चार सालों से हम सिर्फ इसी फिल्म के लिए काम कर रहे हैं।'
बदल गया है पूरा लुक
उन्होंने कहा कि कोविड महामारी ने हालांकि, इसमें थोड़ी परेशानी पैदा कीं, लेकिन शाहरुख डटे हुए हैं। ट्रेनर ने आगे कहा कि 'पठान' में अभिनेता का लुक काफी अलग है। इसके लिए शाहरुख खान ने काफी हैवी लिफ्टिंग की। पहले हमने सर्किट ट्रेनिंग और कार्डियो वर्कआउट किया। लेकिन, फिर स्ट्रेंथ ट्रेनिंग शुरू की, जिससे एक्टर को बेहतर लुक पाने में मदद मिली। ट्रेनर ने आगे कहा, 'स्क्रीन पर शाहरुख की जो फिजीक नजर आ रही है, उसे बनाने में करीब दो साल लगे हैं। उनका लुक पूरी तरह बदल गया है।'
ट्रेनर ने कहा, 'फिटनेस आइकन हैं किंग खान'
किंग खान के ट्रेनर ने कहा कि इस लुक का पूरा श्रेय शाहरुख को जाता है। वह फिटनेस आइकन से कम नहीं हैं। बता दें कि शाहरुख ने मार्च में अपना यह लुक साझा किया था। इसके साथ उन्होंने काफी मजेदार कैप्शन लिखा था। उन्होंने लिखा, 'शाहरुख अगर थोड़ा रुक भी गया, तो पठान को कैसे रोकोगे, एप्स और एब्स सब बना डालूंगा।'