इन दिनों बॉलीवुड इंडस्ट्री में पुरानी फिल्मों के गानों के रीमेक बनाने के साथ ही फिल्मों के सीक्वल बनाने का भी तेजी से चलन बन गया है। यही वजह है कि बीते कुछ समय से कई पुरानी फिल्मों के सीक्वल और रीमेक बनते आ रहे हैं। एक बार फिर से 22 साल पुरानी फिल्म का रीमेक बनने जा रहा है। जी हां , मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो साल 1996 में आई फिल्म 'अग्नि साक्षी' का सीक्वल बनने जा रहा है। पार्थो घोष द्वारा निर्देशित इस फिल्म में जैकी श्रॉफ, नाना पाटेकर और मनीषा कोइराला मुख्य भूमिका में थे।
सूत्रों की मानें तो पार्थो घोष फिर से नई स्टार कास्ट के साथ इस फिल्म के सीक्वल को बनाने को तैयार हैं। बता दें कि साल 1996 में आई फिल्म 'अग्नि साक्षी' हॉलीवुड फिल्म 'स्लीपिंग विद द एनिमी' का हिंदी रीमेक थी। 1996 में 'अग्नि साक्षी' को सिनेमाघरों में काफी पसंद किया गया था। फिल्म में मनीषा कोइराला की एक्टिंग को काफी सराहा गया था। हाल ही में मनीषा कोइराला 'संजू' फिल्म में नजर आई हैं। 'संजू' को दर्शकों को अच्छा- खासा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म में उन्होंने 'संजू' यानी रणबीर कपूर की मां नरगिस दत्त को रोल निभाया है।