फिल्म 'लेडीज वर्सेस रिकी बहल' के साथ फिल्मी सफर की शुरुआत करने वाले अभिनेत्री परिणिती चोपड़ा का कहना है कि उन्हें फिल्म जगत में बहन प्रियंका चोपड़ा के कारण काम नहीं मिला। इस साल जून में रिलीज हुई परिणिती चोपड़ा की फिल्म 'इश्कजादे' के बाद उनके पास कई फिल्में हैं। एक टीवी चैनल में प्रसारित कार्यक्रम में परिणिती ने कहा कि मुझे इस बात का मानसिक सुकून रहा है कि मेरी बड़ी बहन फिल्म इंडस्ट्री की टॉप हीरोईन है, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में आने के लिए मैने उनका इस्तेमाल नहीं किया।
परिणिती ने कहा कि फिल्म 'लेडीज वर्सेज रिक्की बहल' की टीम ने खुद मुझसे संपर्क किया था। उन्हें शायद यह बात पता भी नहीं थी कि मैं प्रियंका की बहन हूं। 'लेडीज वर्सेज रिक्की बहल' के हिट होने के बाद मेरा काम आसान हो गया। इंडस्ट्री को मेरा काम रास आया और मुझे 'इश्कजादे' जैसी फिल्म मिली। परिणिती ने कहा कि मैं इंडस्ट्री में कितना सरवाइव करती हूं यह मेरी क्षमता पर तय करेगा। यदि मेरी फिल्में नहीं चलेगीं तो कोई भी फिल्मकार मुझे इस वजह से अपनी फिल्म में नहीं लेगा कि मैं प्रियंका चोपड़ा की बहन हूं। परिणिती आने वाले साल में अलग-अलग फिल्मों में काम करती हुई दिखेंगी।