परिणीति चोपड़ा एक तो फिल्मों में कुछ विशेष नहीं कर पा रही हैं और दूसरी तरफ उन्होंने दुबलेपन का जिस तरह से हाल के महीनों में प्रचार किया है, उससे उनकी इमेज पर भी नकारात्मक असर पड़ा है। अब उन्हें एक और नुकसान उठाना पड़ा है। हरियाणा सरकार ने उनकी जगह ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली पहलवान साक्षी मलिक को राज्य के बेटी बचाओ अभियान का चेहरा बनाने का फैसला कर लिया है।
सूत्रों की मानें तो हरियाणा के अभियान की एंबसेडर बनने के बाद भी परिणीति इस सामाजिक काम में खास योगदान नहीं कर रही थीं। वह विदेश जाकर दुबली होने और अपनी फिल्मी तैयारियों में ही व्यस्त थीं। इस अभियान को आगे बढ़ाने और बेटियों के मुद्दे पर बात करने के सिलसिले में वह हरियाणा के अधिकारियों और मीडिया के लिए लगातार अनुपलब्ध थीं। अब उनकी जगह साक्षी को दे दी गई है।
जानकार मानते हैं कि परिणीति को इस अभियान से जुड़ने का भले ही कोई फिल्मी फायदा नहीं था मगर वह सक्रिय रूप से काम करके लोगों के दिलों में जगह बना सकती थीं, जिसका उनकी फिल्मों को लाभ मिलता। यह महत्वपूर्ण मौका उन्होंने गंवा दिया है।