मशहूर निर्देशक पंकज पराशर की मशहूर फिल्म जलवा की रीमेक बनने जा रही है। साल 1987 में रिलीज हुई इस फिल्म से ही इन दिनों द कपिल शर्मा शो में दिखने वाली अदाकारा अर्चना पूरण सिंह की बड़े परदे पर बतौर हीरोइन एंट्री हुई थी। फिल्म के हीरो थे नसीरुद्दीन शाह और फिल्म में पंकज कपूर का एक बेहद अहम रोल था। कम लोगों को ही पता होगा कि साउथ के सुपर स्टार चिरंजीवी इस फिल्म की तेलुगू रीमेक त्रिनेत्रुडु में नजर आ चुके हैं।
फिल्म जलवा अस्सी के दशक की उन फिल्मों में शामिल है जिन्हें हिंदी सिनेमा की शक्ल सूरत बदलने की कोशिशों के रूप में जाना जाता है। पंकज पराशर ने इस फिल्म से पहले सिर्फ एक फिल्म बनाई थी अब आएगा मजा और इसके बाद दूरदर्शन पर प्रसारित हुए उनके जासूसी सीरियल करमचंद से पंकज कपूर छोटे परदे के सुपरस्टार बन गए। पंकज पाराशर ने इस फिल्म में उस वक्त दूरदर्शन पर अंग्रेजी में समाचार पढ़ने वाले मशहूर एंकर तेजेश्वर सिंह को भी लिया था। फिल्म में विलेन बने तेजेश्वर सिंह के किरदार का नाम ही उन्होंने डी डी रख दिया।
फिल्म की तमाम खासियतों में से एक इसका संगीत भी रहा है। मशहूर पॉप सिंगर रेमो फर्नांडीस ने इस फिल्म में ‘देखो देखो ये है जलवा’ नाम का बेहतरीन पॉप गाना गाया था। फिल्म की रीमेक बनाने जा रहे निर्माताओं ने इस गाने के राइट्स खासतौर से अलग से खरीदे हैं। फिल्म में शैरॉन प्रभाकर और अलीशा चिनॉय ने भी बेहद सुरीले गीत गाए। गोवा के ड्रग माफिया की कहानी कहती इस फिल्म को नसीरुद्दीन शाह की पहली कमर्शियल हिट फिल्म भी माना जाता है।