पड़ताल में क्या मिला?
एक तरफ कंटेंट क्रिएटर ने दावा किया कि ‘धुरंधर 2’ पाकिस्तान में आधी रात को 12 बजे स्ट्रीम हुई, जिससे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स का सर्वर डाउन हो गया। दूसरी तरफ भारतीय दर्शक जो यह मान रहे थे कि इस हफ्ते ' धुरंधर 2' ओटीटी पर रिलीज होगी पर यहां हुई नहीं। भारत में यह फिल्म जियो हॉटस्टार पर 4 जून को स्ट्रीम होगी। ऐसे में पहली नजर में यह वायरल दावा पूरी तरह से गलत नजर आता है।
नंबर 1 कर रही ट्रेंड
हालांकि, यह सच है कि फिल्म पाकिस्तान में ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है और नंबर-1 ट्रेंड कर रही है। माविया के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में पाकिस्तान में करीब 20 करोड़ व्यूज आए हैं और यह देश की सबसे बड़ी ट्रेंडिंग फिल्म बन गई। 'धुरंधर 2' पाकिस्तान में 15 मई को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई।
फिल्म का 3 घंटे 52 मिनट का अनकट वर्जन नेटफ्लिक्स पाकिस्तान पर उपलब्ध है। इसमें लगभग 3 मिनट के नए एक्शन सीन और कुछ रॉ फुटेज हैं, जिन्हें भारतीय थिएटर वर्जन से हटा दिया गया था। पाकिस्तान और दूसरे देशों के दर्शक अभी यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं, लेकिन यह भारत में नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध नहीं है।
भारत में इस फिल्म को रिलीज करने के राइट्स जियो हॉटस्टार के पास हैं।
‘धुरंधर 2’ 1000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है
फिल्म ‘धुरंधर 2’ को सिनेमाघरों में 58 दिन हो चुके हैं। यह फिल्म अब भी बॉक्स ऑफिस पर कमाई कर रही है। इसने 58वें दिन 29 लाख रुपये कमाए हैं। फिल्म का कुल कलेक्शन भी अब तक 1,144.82 करोड़ रुपये हो चुका है। यह बॉलीवुड में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। वहीं वर्ल्डवाइड भी इस फिल्म ने 1,846.92 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।