सेंसर बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष और निर्देशक पहलाज निहलानी इन दिनों अपनी फिल्म 'रंगीला राजा' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में अभिनेता गोविंद मुख्य भूमिका में हैं। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) की बॉडी फिल्म सर्टिफिकेट अपिलेट ट्रिब्यूनल (FCAT) ने उनकी इस फिल्म को 3 कट के साथ पास कर दिया है। बीते दिनों ऐसी खबरें भी थीं कि इस फिल्म में सेंसर बोर्ड 20 कट लगाने वाला है। इसके बाद पहलाज निहलानी 'रंगीला राजा' में लगे 20 कट के मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंचे गए थे।
वहीं 20 कट लगाने वाले मामले में सेंसर बोर्ड ने अपने निर्णय को सही ठहराया था। बॉम्बे हाईकोर्ट में दायर याचिका में सेंसर बोर्ड ने कहा था कि फिल्म में उस सीन को ही काटा गया है जो महिलाओं के प्रति सम्मानजनक नहीं लग रहे थे।
'रंगीला राजा' पर लगे कट पर सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने कहा, 'फिल्म के उन सीन को कट किया गया है, जो महिलाओं के प्रति सम्मानजनक नहीं लग रहे थे।' 'सेंसर बोर्ड का काम सिनेमाई संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी के सामजस्य को बनाए रखना है। ऐसे में 3 कट के साथ फिल्म का पास होना पहलाज निहलानी के लिए राहत की बात है।
इस फिल्म में विजय माल्या के देश और विदेश में किए गए फ्रॉड और उनकी जीवनशैली को दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा। फिल्म में विजय माल्या का किरदार निभा रहे हैं गोविंदा। निहलानी और गोविंदा ने 31 साल पहले फिल्म 'इल्जाम' में साथ काम किया था। इस फिल्म में गोविंदा के साथ तीन नई एक्ट्रेसेस डेब्यू कर रही हैं।