दो ऑस्कर जीतने वाले भारतीय संगीतकर ए आर रहमान एक बार फिर अकादमी पुरस्कार की दौड़ में शामिल हो गए हैं। वहीं फिल्मकार गिरीश मलिक की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म 'जल' भी ऑस्कर की दो श्रेणियों, बेस्ट पिक्चर और बेस्ट ओरिजनल स्कोर, के लिए नामित की गई हैं।
87वें ऑस्कर पुरस्कारों के लिए ओरिजनल स्कोर श्रेणी में संभावित 114 नामांकित लोगों की सूची में रहमान का नाम भी शामिल है। रहमान तीसरी बार ऑस्कर के लिए नामांकित हो सकते हैं। इस पुरस्कार के लिए अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट एंड साइंसेज द्वारा जारी सूची में रहमान की 'मिलियन डॉलर आर्म', 'द हंड्रेड फीट जर्नी' और भारतीय फिल्म 'कोच्चादैयां' शामिल है।
इस लिस्ट को अकादमी की वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है। रहमान ने इससे पहले डैनी बॉयल की फिल्म 'स्लमडॉग मिलेनियर' के लिए दो अकादमी पुरस्कार जीत चुके है। वहीं, फिल्म 'जल' 'इंटरस्टेलर', 'एक्जोडस' और '300 राइज ऑफ एंपायर' जैसी बेहतरीन हॉलीवुड फिल्मों के साथ प्रतिस्पर्धा में शामिल है।