ईद के मौके पर शाहरुख खान और अक्षय कुमार के बीच होने वाला टकराव अब नहीं होगा। 8 अगस्त को रिलीज हो रही अक्षय कुमार की मुख्य भूमिका वाली फिल्म की डेट स्थगित कर दी गयी है।
पिछले कई महीनों से यह चर्चा थी कि अक्षय की फिल्म 'वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई एगेन' और शाहरुख की 'चेन्नई एक्सप्रेस' की बॉक्स ऑफिस पर भिडंत होगी। दोनों ही फिल्में एक ही दिन यानी ईद पर रिलीज होंगी।
दोनों की तरफ से अपनी-अपनी फिल्म के प्रमोशन के तरीकों पर बात होनी शुरू हो गई थी। लेकिन फिलहाल यह टकराव टल गया है।
बालाजी प्रोडक्शन हाउस ने अपनी फिल्म 'वंस अपान ए टाइम इन मुंबई' की रिलीज डेट आगे खिसका दी है। अब यह फिल्म 15 अगस्त को रिलीज होगी। गौरतलब है कि एकता कपूर पहले इस बात के लिए राजी नहीं थी कि उनकी फिल्म की रिलीज आगे बढ़ाई जाए।
सुनने में आ रहा है कि उन्हें अपने पिता जितेंद्र के कहने पर उन्हें ऐसा करना पड़ा। खबरें ऐसी भी है कि चेन्नई एक्सप्रेस की टीम के कुछ लोग जितेंद्र से मिले थे।
उन्होंने फिल्म की रिलीज आगे खिसकाने की गुजारिश की। इसके बाद ही जितेंद्र ने एकता को फिल्म की डेट आगे बढ़ाने की सलाह दी।