फिल्म ‘दिल धड़कने दो’ की शूटिंग भले ही स्पेन में एक जहाज पर चल रही हो, लेकिन वहां से आ रही खबरें चौंकाने वाली हैं। इनकी मानें तो शूटिंग के दौरान काम कम और प्रेम ज्यादा गति से चल रहा है। कभी शूटिंग के दौरान ब्रेक मिलने पर अनुष्का शर्मा और विराट कोहली के रोमांस की खबरें आती हैं तो कभी रणवीर सिंह के काम से छुट्टी लेकर होटल में दीपिका पादुकोण के साथ दिखने की।
अब जोया खुद अफेयर में
अब इनसे भी ज्यादा चौंकाने वाली खबर आ रही है फिल्म की निर्देशक जोया अख्तर के बारे हैं। स्क्रिप्ट राइटर और गीतकार जावेद अख्तर की बेटी के बारे में फिल्म से जुड़े विश्वस्त सूत्र दावा कर रहे हैं कि उन्हें यहां एक फिरंगी से प्यार हो गया है!
‘लक बाई चांस’ और ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ जैसी फिल्में बना चुकीं जोया की ‘दिल धड़कने दो’ पूरी तरह से पानी के जहाज पर शूट की जा रही है। यह शूटिंग बार्सिलोना के नजदीक समुद्र में चल रही है और कलाकारों तथा तकनीशियों को चौबीस घंटे समुद्र के बीच जहाज पर रहना पड़ रहा है।
लौटना चाहते हैं जल्दी घर
सूत्रों के अनुसार कई लोगों को इस शूटिंग के दौरान असुविधा भी हो रही है और वे जल्दी से जल्दी अपने घर लौटना चाहते हैं। परंतु बीच-बीच में सितारों के निजी छुट्टियां लेने के कारण शूटिंग के दिन बढ़ गए हैं। अतः जो शूटिंग जून के अंत तक खत्म होनी चाहिए थी, वह जुलाई के पहले-दूसरे हफ्ते तक चल सकती है।
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार जहाज पर इन दिनों जिस बात की जोरदार चर्चा है वह खुद डायरेक्टर जोया को लेकर है। अनुष्का और रणवीर की अपनी-अपनी प्रेम कहानियों के बीच जोया अख्तर की लव स्टोरी अचानक सुर्खियों में बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक खुद डायरेक्टर के प्यार में पड़ जाने के कारण शूटिंग का माहौल काफी रंगीन हो चुका है।
रंगीन हैं माहौल यहां का
असल में जोया ने अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए कई विदेशी तकनीशियन और ऐक्टर बुलाए हैं। जोया का फर्स्ट असिस्टेंट डायरेक्टर फिरंगी है। जोया और इस फिरंगी सहायक के बीच न केवल काम का तालमेल बढ़िया बताया जा रहा है, बल्कि उनके बीच कुछ नजदियों की चर्चा भी हो रही है।
सूत्रों का दावा है कि जोया और उनके फिरंगी सहायक निर्देशक के बीच रोमांस की शुरुआत हो चुकी है। अगर यह सही है तो वाकई इस पर सबकी नजरें रहेंगी क्योंकि यह पहला मौका है जब जोया के किसी के साथ रोमांस की खबर सामने आई है। इससे पहले उन्हें बहुत ही गंभीर फिल्मकार माना जाता था जो अपने काम से काम रखती हैं। ऐसे में अब वक्त यह बताएगा कि क्या सचमुच जोया का दिल फिरंगी डायरेक्टर के लिए धड़क रहा है और क्या वह खुद यह बात मीडिया में कबूल करेंगी?