यह खबर चौंकाने वाली है। सलमान खान वो इंसान हैं जिनसे फिल्म इंडस्ट्री में तो क्या बाहर मिलने वाले भी डरते हैं। उनकी दबंग इमेज के आगे के आगे अच्छे-अच्छे नहीं ठहरते। लेकिन पता चला है कि मुंबई के फोटोग्राफरों ने सलमान को धमकाया है कि वह भविष्य में उनके किसी कार्यक्रम में नहीं आएंगे और अगर वह कहीं दिख भी गए तो उनकी फोटो नहीं खींचेंगे।
इन लोगों ने सीधे-सीधे सलमान को बायकॉट की धमकी दी है। उनका कहना है कि आगे का कह नहीं सकते लेकिन 25 जुलाई तक यह बायकॉट हर हाल में जारी रहेगा, जब तक इस हीरो की ‘किक’ रिलीज नहीं हो जाती। फोटोग्राफरों की यूनियन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक यह फैसला लिया गया है कि अगर सलमान बांद्रा बैंडस्टेंड पर साइकिलिंग करते भी दिख जाएंगे तो उनकी तस्वीर कोई नहीं खींचेगा।
शुक्रवार को हो गया पंगा
असल में सलमान और फोटोग्राफकों के बीच पिछले शुक्रवार को पंगा हो गया था। सलमान बांद्रा के एक क्लब में अपनी ‘किक’ का एक गाना रिलीज करने के लिए पहुंचे थे तो फोटोग्राफर उनकी तस्वीरें खींचने को टूट पड़े। इसमें थोड़ी धक्कामुक्की हो गई और सलमान के बॉडीगार्ड्स और क्लब के सिक्योरिटी वालों ने कुछ फोटोग्राफरों की पिटाई कर दी।
जब इन लोगों ने सलमान से शिकायत की तो उन्होंने अपने अहंकारी अंदाज में कहा कि जिसे यहां रह कर इवेंट कवर करना है उसका स्वागत है, जबकि बाकी खुशी-खुशी जा सकते हैं। इस बात ने फोटोग्राफरों के गुस्से की आग में घी का काम किया। सलमान को लेकर यह विवाद ऐसे समय खड़ा हुआ है जब फिल्म रिलीज को तैयार है और वे कोई भी नेगेटिव पब्लिसिटी नहीं चाहते।
इस चुप्पी का क्या है मतलब
फिल्म के निर्माता-निर्देशक साजिद नाडियाडवाला फोटोग्राफरों के फैसले के बाद फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं। उन्होंने फोटोग्राफरों और सलमान के विवाद पर चुप्पी साध ली है क्योंकि यह निर्देशक के रूप में उनकी पहली फिल्म है।
लेकिन फिल्म से जुड़े एक सूत्र का कहना है कि मुंबई के फोटोग्राफर दिन पर दिन ज्यादा आक्रामक हो रहे हैं और उनकी उल्टी-सीधी मांगें बढ़ती जा रही है। इन लोगों ने पिछले दिनों अभिनेत्री श्रद्धा कपूर का बायकॉट करके उन्हें परेशान किया था। अब ये सलमान के बायकॉट की धमकी दे रहे हैं, जबकि पूरे मामले में सलमान कहीं थे ही नहीं। उन्होंने न किसी को मारा और न हाथ लगाया। फिर उन्हें क्यों घसीटा जा रहा है?
सलमान का रवैया अच्छा नहीं?
दूसरी तरफ फोटोग्राफरों का कहना है कि असल में इस हीरो का रवैया अच्छा नहीं है। इवेंट के दौरान उन्होंने सलमान से कहा था कि फोटो खींचने में सहयोग करें और फलां जगह पर खड़े रहें, परंतु अपनी सलमान अकड़ में थे। शुक्रवार रात को 10.30 से 11 बजे तक यही ड्रामा चलता रहा, जबकि कार्यक्रम का समय 9.30 बजे का था।
फोटोग्राफरों के अनुसार वे सलमान के इवेंट मे आए थे और उन्हें ही क्लिक किया जा था। अतः इस हीरो को सहयोग करना चाहिए। ‘किक’ से जुड़े लोग इस विवाद को जल्दी खत्म करना चाहते हैं क्योंकि फिल्म की रिलीज में बमुश्किल दस दिन बचे हैं। उस पर सलमान की पिछली फिल्म ‘जय हो’ भी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी थी। ऐसे में ‘किक’ उनके लिए अहम फिल्म है।
सलमान ने किया ट्वीट
इसे मैं कहता हूं स्टैंड। फोटोग्राफरों को दिन पर दिन काम मिलना मुश्किल हो रहा है लेकिन फिर भी उन्होंने मेरी तस्वीरें न खींचने का फैसला किया है। मैं उनके लिए खुश हूं।
सलमान खान के ठीक पहले फोटोग्राफरों के साथ श्रद्घा कपूर कुछ ऐसा ही उलझी थी। फोटोग्राफरों ने श्रद्घा का बायकॉट कर दिया। बाद में श्रद्घा ने अपने किए पर माफी मांग ली।